पुलिस ने तेज की जांच, नेपाल बॉर्डर से जुड़े खाते की पड़ताल
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। तालग्राम में परिषदीय विद्यालय के शिक्षक राहुल राजपूत के लापता होने के मामले में नया मोड़ आ गया है। गुरुवार को पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में उनकी मां के मोबाइल पर दोबारा फिरौती की कॉल आई। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, एसओजी और सर्विलांस टीम ने तालग्राम थाने में डेरा डाल दिया है।
तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के कटरा बहसार निवासी राहुल राजपूत तालग्राम के टिकुरियनपुरवा स्थित परिषदीय विद्यालय में शिक्षक हैं। वह मंगलवार को विद्यालय से घर लौटते समय संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। बुधवार को उनकी मां आशा देवी के मोबाइल पर राहुल के नंबर से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी और एक बैंक खाते का विवरण भी भेजा गया था।
गुरुवार को मामले की समीक्षा के दौरान सीओ परिजनों से पूछताछ कर रही थीं, तभी आशा देवी के मोबाइल पर एक नए नंबर से कॉल आई। पुलिस अधिकारियों ने तत्काल कॉल की तकनीकी जानकारी जुटानी शुरू कर दी। हालांकि, कॉल करने वाले की पहचान और शिक्षक की लोकेशन का तत्काल पता नहीं चल सका।
पुलिस जांच में अब तक सामने आया है कि राहुल राजपूत को मंगलवार शाम करीब सात बजे तक अमोलर बाजार क्षेत्र में देखा गया था। इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया और उनसे संपर्क टूट गया। पुलिस ने अमोलर बाजार, सुजनसराय और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। जिन लोगों ने उन्हें अंतिम बार देखा था, उनसे भी पूछताछ की जा रही है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि फिरौती के लिए भेजे गए बैंक खाते का संबंध नेपाल बॉर्डर क्षेत्र से बताया जा रहा है। थाना प्रभारी रंजना ने बताया कि जांच के लिए 10 टीमों को तैनात किया गया है। देर शाम तक शिक्षक का कोई सुराग नहीं लग सका था।

