शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अडे देश के छात्र : नड्डा से मिलने गए सौरभ-आशुतोष

नई दिल्ली।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। देश की शिक्षा प्रणाली में सुधार और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों के प्रस्तावित संसद मार्च से पहले हंगामा हुआ। जंतर-मंतर के चारों तरफ बैरिकेडिंग है। संसद मार्च के दौरान पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने तक पहुंचे प्रदर्शनकारियों को लाठीचार्ज कर खदेड़ दिया गया।
मोदी सरकार हमारे युवाओं की आवाज़ दबाने की कोशिश कर रही है: खरगे
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सदन में कहा कि पेपर लीक के खिलाफ, बच्चे जंतर-मंतर पर बैठे हैं, लेकिन उनके ऊपर लाठीचार्ज करवाया जा रहा है। मोदी सरकार हमारे युवा की आवाज़ दबाने की कोशिश कर रही है।
जेपी नड्डा से मिलने गए सौरभ दास और आशुतोष
कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि आशुतोष रांका और मैं, कॉकरोच जनता पार्टी की तरफ से केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मिलने जा रहे हैं। सरकार सुबह बातचीत के लिए पहुंची थी। हमारी मांगें साफ हैं। युवा भारी संख्या में इकट्ठा हुए हैं। हम जीतेंगे!
वांगचुक ने मार्च में शामिल होने किए किया आग्रह
प्रदर्शनकारी संसद मार्ग की ओर जाने का प्रयास कर रहे हैं। उधर, सोनम वांगचुक ने मार्च में शामिल होने किए सफदरजंग अस्पताल से आग्रह किया है।
दिल्ली यूपी बॉर्डर पर पुलिस सुरक्षा बढ़ाई
दिल्ली जंतर मंतर पर हो रहे प्रदर्शन को लेकर दिल्ली यूपी बॉर्डर पर पुलिस सुरक्षा बढ़ाई है। एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि डीएलएफ और लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के पास पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। किसी भी असामाजिक तत्वों को आगे नहीं जाने दिया जाएगा। दिल्ली जाने वाले रास्ते पर वाहनों को चेक किया जा रहा है।
जंतर मंतर धरना स्थल पर लगातार पहुंच रहे समर्थक
जंतर मंतर धरना स्थल पर लगातार समर्थक पहुंच रहे हैं। सोमवार को जब सीजेपी संसद तक विरोध मार्च निकालने की कोशिश कर रहे थे, तब कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास को डिप्टी कमिश्नर के ऑफिस ले जाया गया। उन्होंने बताया कि अधिकारियों और उनके बीच बातचीत चल रही है। इस घटनाक्रम के बारे में पूछे जाने पर दास ने एएनआई को बताया, हम (सरकार के साथ) बातचीत कर रहे हैं। यह घटनाक्रम तब हुआ जब पुलिस ने संसद भवन की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया। जंतर-मंतर से शुरू हुए इस प्रदर्शन के कारण राष्ट्रीय राजधानी में ट्रैफिक में काफी रुकावट आई, क्योंकि बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे।
सरकार विरोधी नारेबाजी कर रहे प्रदर्शनकारी
सरदार पटेल भवन के पास प्रदर्शनकारी सरकार विरोधी नारेबाजी कर रहे हैं। संसद की ओर बसें और बैरिकेडिंग लगाकर पुलिस ने रास्ता बंद किया हुआ है। प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में लगातार लोग आ रहे हैं।
शिक्षा मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए
जंतर-मंतर पहुंचने पर आप नेता गोपाल राय ने कहा, देश भर से छात्र और युवा जंतर-मंतर पहुंचे हैं। सभी की एक ही चिंता है। शिक्षा मंत्री देश के लाखों छात्रों और युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल रहे हैं, इसलिए उन्हें इस्तीफ़ा देना चाहिए; लोग उन्हें हटाने की मांग कर रहे हैं। सरकार ने जबरदस्ती वांगचुक की भूख हड़ताल खत्म करवा दी, जिससे लोगों में गुस्सा है। लोग आज इस मांग के साथ यहाँ जमा हुए हैं कि शिक्षा मंत्री को हटाया जाए और देश के छात्रों और युवाओं का भविष्य सुरक्षित किया जाए।