‘भाजपा कार्यालयों का भी नक्शा नहीं पास’
लखनऊ।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। राजधानी में सपाइयों ने जौहर यूनिवर्सिटी और सोनम वांगचुक के लिए सोमवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान सपा यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं के हाथों में किताब थी। उसके ऊपर बुलडोजर का खिलौना रखा था। बुलडोजर को जंजीर से बांधा गया था। जैसे ही कार्यकर्ता विधानसभा के पास पहुंचे, उन्हें पुलिस ने रोक लिया।
यह देखते ही कार्यकर्ता सड़क पर लेट गए। पुलिस ने उन्हें हाथ-पैर पकड़-पकड़कर टांगना शुरू कर दिया। करीब 10-12 सपा कार्यकर्ता थे। उन्हें पुलिस ने एक-एक कर बस में जबरदस्ती बैठा दिया। प्रदर्शन 10 बजे हुआ। पुलिस ने उन्हें 5 मिनट के अंदर बस से प्रदर्शन स्थल इको गार्डन भेज दिया। बुलडोजर लिए कार्यकर्ता बस में नहीं जा रहा था। पुलिस ने उसे घसीटते हुए बस तक पहुंचाया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने उन्हें गाड़ी में भरकर इको गार्डन भेज दिया। यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ता हाथों में आई स्टैंड विद सोनम वांगचुक और सेव मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी लिखा पोस्टर लेकर पहुंचे।
‘यह सरकार शिक्षा विरोधी है’
प्रदर्शनकारी मनीष कुमार ने कहा- इस समय शिक्षा व्यवस्था ध्वस्त की जा रही है। लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। इसीलिए हम लोग यह प्रदर्शन करने आए हैं। यह सरकार शिक्षा विरोधी है।
प्रदर्शन कर रहे उदय सिंह ने कहा- जौहर यूनिवर्सिटी पर आज कार्रवाई हो रही है। इनकी राजनीति यादव और यूनिवर्सिटी के विरोध से जुड़ी हुई है। कितने ही भाजपा कार्यालयों का नक्शा पास नहीं है।
जौहर यूनिवर्सिटी और वांगचुक के लिए सपाइयों का विधानसभा के सामने प्रदर्शन

