कन्नौज के लापता शिक्षक गाजियाबाद में मिले

 शरीर पर मिले चोट के निशान, पुलिस कन्नौज लेकर रवाना हुई

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। तिर्वा के लापता टीचर का पुलिस ने पता लगा लिया। पुलिस को वह संदिग्ध अवस्था में गाजियाबाद के सरकारी अस्पताल में भर्ती मिले। जहां से पुलिस टीम उन्हें लेकर कन्नौज के लिए रवाना हो चुकी है।

तिर्वा के कालका नगर मोहल्ला निवासी प्राइमरी स्कूल के शिक्षक राहुल राजपूत 14 जुलाई को स्कूल से घर आते वक्त लापता हो गए थे। परिजनों ने उनकी खोजबीन की तो उनकी बाइक इंदरगढ़ कस्बे में पटेल नगर तिराहे के पास बरामद हुई।

टीचर की तलाश में पुलिस की टीमें लगी हुई थीं। कन्नौज से लेकर नेपाल बॉर्डर तक उनकी तलाश की गई। टीचर राहुल राजपूत की तलाश में जुटी पुलिस टीम को जानकारी मिली कि गाजियाबाद के सयुंक्त चिकित्सालय में राहुल राजपूत एडमिट है।

पुलिस सूत्रों की मानें तो अस्पताल में राहुल के शरीर पर कुछ चोटों के निशान हैं। पुलिस टीम उन्हें अपने साथ लेकर गाजियाबाद से कन्नौज के लिए रवाना हो गई। मामले को लेकर एसपी बिनोद कुमार ने बताया कि पुलिस टीम राहुल को लेकर कन्नौज के लिए निकल चुकी हैं। कन्नौज आने के बाद पूरे घटनाक्रम को लेकर उनसे पूछताछ की जाएगी। उसके बाद ही उनके लापता होने को लेकर कुछ बताया जा सकता है।

14 जुलाई को लापता हुए थे शिक्षक

तिर्वा के कालका नगर निवासी राहुल राजपूत तालग्राम थाना क्षेत्र के टिकुरियनपुरवा गांव के प्राइमरी स्कूल में टीचर हैं। 14 जुलाई को बाइक पर सवार होकर स्कूल से घर आते वक्त वह रास्ते से लापता हो गए थे। इसके बाद उनके परिजनों के मोबाइल पर दो बार 10 लाख रुपए फिरौती की काल भी आ चुकी थी। जिसकी पुलिस जांच कर रही थी।