सपा के पीडीए के भ्रमजाल का जवाब देगा भाजपा का पिछड़ा एवं अनुसूचित मोर्चा
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। आज भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय, में भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम (बूथ स्तरीय प्रशिक्षण अभियान) को लेकर सभी मोर्चों के जिला अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को डिजिटल माध्यम से प्रशिक्षित करने की रणनीति तैयार की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के जिला प्रवासी एवं कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक संगठन है, जिसकी सबसे बड़ी शक्ति उसका प्रशिक्षित एवं समर्पित कार्यकर्ता है। आज राजनीति में तकनीक की भूमिका लगातार बढ़ रही है, ऐसे में प्रत्येक बूथ समिति के कार्यकर्ता का डिजिटल रूप से दक्ष एवं प्रशिक्षित होना समय की आवश्यकता है। डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम के माध्यम से भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा, सरकार की उपलब्धियों तथा चुनावी प्रबंधन के विभिन्न आयामों की जानकारी प्राप्त कर स्वयं को और अधिक सक्षम बनाएगा।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी द्वारा पीडीए के नाम पर समाज को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन भाजपा का पिछड़ा मोर्चा एवं अनुसूचित मोर्चा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सपा के इस राजनीतिक छलावे का तथ्यात्मक एवं वैचारिक जवाब देगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछड़े, अनुसूचित, वंचित एवं किसानों के सम्मान और उत्थान के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य भाजपा के मोर्चे पूरी मजबूती के साथ करेंगे।
अनूप अवस्थी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प को सशक्त करना है। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत करने के लिए डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके माध्यम से प्रत्येक कार्यकर्ता चुनावी दायित्वों के निर्वहन के लिए पूर्ण रूप से तैयार होगा और संगठन के संदेश को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाएगा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने कहा कि भाजपा के सभी मोर्चे संगठन की रीढ़ हैं और आगामी प्रशिक्षण अभियान में युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, पिछड़ा मोर्चा, अनुसूचित मोर्चा एवं किसान मोर्चा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। सभी मोर्चों के पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिलाने का कार्य सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठनात्मक मॉडल ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही चुनावी विजय का आधार बनते हैं।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री आर.एस. कठेरिया ने किया।
बैठक में युवा मोर्चा अध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, महिला मोर्चा संयोजक प्राची गुप्ता, पिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष सुभाष वर्मा, किसान मोर्चा मंत्री शुबु मिश्रा, अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष राजेश दिवाकर, मंगलम पांडेय सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
