कन्नौज:  सीडीओ के निरीक्षण में बीएसए समेत 15 कर्मी गायब मिले

एक दिन का वेतन रोका, 3 दिन में देना होगा स्पष्टीकरण

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। सुबह 10:30 बजे सीडीओ ने बलही गांव स्थित बीएसए कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। यहां बीएसए समेत 15 कर्मी बिना सूचना गायब मिले। बीएसए कार्यालय की घड़ी 1 घंटे 52 मिनट आगे चलती मिली। सीडीओ ने एक दिन का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।

सीडीओ राजेन्द्र कुमार श्रीवास सुबह 10:30 बजे बीएसए ऑफिस पहुंच गए। यहां उन्होंने औचक निरीक्षण करते हुए उपस्थित पंजिका का अवलोकन किया। जिसमें बीएसए सन्दीप कुमार समेत 15 कर्मी बिना सूचना गायब मिले।

निरीक्षण के दौरान समग्र शिक्षा अभियान के सहायक एवं वित्त लेखाधिकारी अमित कुमार, लेखाकार शैलेन्द्र कुमार यादव, डीसी एमआईएस विश्वनाथ शर्मा, डीसी प्रशिक्षण गौरव दीक्षित, डीसी निर्माण पीयूष श्रीवास्तव, ड्राइवर अनिल पाल, डीसी समेकित सुबोध अवस्थी, परिचारक ममता, कम्प्यूटर ऑपरेटर रमेश चन्द्र, प्रधान सहायक प्रदीप सक्सेना, वरिष्ठ सहायक विमल पांडेय, अशोक कुमार, परिचारक अदील अहमद और नीतीश द्विवेदी गायब थे।

इसके अलावा कमरों में अलमारी और अभिलेखों में धूल जमी मिली। बीएसए दफ्तर की घड़ी में 12:22 समय बज रहा था। सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए कहाकि कि घड़ी गलत समय बता रही है। जिसकस मतलब ये है कि किसी ने भी घड़ी पर ध्यान नहीं दिया।

उन्होंने गायब अधिकारी व कर्मचारियों का 1 दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया है। उन्होंने 3 दिनों में कमर्चारियों से स्पष्टीकरण मांगा है, जोकि उन लोगों को बीएसए से संस्तुति करवाकर देना होगा। सीडीओ के औचक निरीक्षण से बीएसए कार्यालय में हड़कंप मच गया।