शमसाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई : तीन बाल अपचारियों को चोरी की तीन बाइक सहित दबोचा

महेश वर्मा संवाददाता
शमसाबाद,फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)।  थाना शमसाबाद पुलिस को वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीन बाल अपचारियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में दो एचएफ डीलक्स और एक हीरो स्प्लेंडर बाइक शामिल है।
पुलिस के अनुसार, बरामद मोटरसाइकिलों में एक बाइक थाना कादरीगेट क्षेत्र में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित है, जबकि एक अन्य बाइक थाना पटियाली जनपद कासगंज से चोरी की गई थी। तीसरी बाइक के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है। तीनों बाल अपचारियों के विरुद्ध थाना शमसाबाद में बीएनएस की धारा 317(2)/317(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी सचिन सिंह चौधरी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान की। टीम में दरोगा अनुज कुमार दरोगा प्रदीप कुमार सिपाही मोमराज सहित पुलिस कर्मी मौजूद रहे। फतेहगढ़ पुलिस ने इसे वाहन चोरी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता बताया है।