10 दुधारू गायों की इकाई पर मिलेगा अधिकतम 11.80 लाख रुपये का अनुदान
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित नन्द बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत मिनी नन्दनी कृषक समृद्धि योजना जनपद के पशुपालक किसानों के लिए आय वृद्धि एवं स्वरोजगार का सशक्त माध्यम बनकर उभर रही है। योजना के प्रति किसानों में उत्साह लगातार बढ़ रहा है। इसी क्रम में 31 जुलाई 2026 तक जनपद में कुल 180 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डाॅ. सरदूल सिंह ने बताया कि जनपद को योजना के अंतर्गत 06 लाभार्थियों (03 पुरुष एवं 03 महिला) का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। योजना के माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाली गिर, साहीवाल एवं थारपारकर नस्ल की 10 दुधारू गायों की इकाई स्थापित करने के लिए सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना की कुल लागत 23.60 लाख रुपये निर्धारित है, जिस पर लाभार्थी को 50 प्रतिशत अर्थात अधिकतम 11.80 लाख रुपये का अनुदान दो चरणों में प्रदान किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य पशुपालक किसानों की आय में वृद्धि करना, दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करना, गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उपलब्ध कराना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।

