कन्नौज: एडीजी जोन और डीआईजी ने मेंहदी घाट का किया निरीक्षण

श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं के लिए दिए व्यापक निर्देश

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत जनपद में सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की समुचित सुविधाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ एवं पुलिस उप महानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र यमुना प्रसाद ने जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री तथा पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मेंहदी घाट का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट क्षेत्र का पैदल भ्रमण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, मेडिकल सहायता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, गोताखोरों एवं पुलिस बल की तैनाती, जल सुरक्षा उपायों, सीसीटीवी निगरानी तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विस्तार से निरीक्षण किया। उन्होंने मेंहदी घाट पर स्थापित कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से संपूर्ण घाट क्षेत्र की निगरानी व्यवस्था का अवलोकन किया तथा निर्देश दिए कि प्रत्येक गतिविधि पर सतत एवं प्रभावी निगरानी रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

अपर पुलिस महानिदेशक ने निर्देशित किया कि श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण सतर्कता, संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, आपदा प्रबंधन तथा आपातकालीन राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य, अग्निशमन तथा अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करें। घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, निरंतर पैदल एवं वाहन गश्त, सीसीटीवी कैमरों की सक्रिय मॉनिटरिंग तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना प्रशासन एवं पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी व्यवस्थाएं 24 घंटे सक्रिय रहें तथा कंट्रोल रूम पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करता रहे, जिससे किसी भी आकस्मिक स्थिति का तत्काल एवं प्रभावी ढंग से समाधान किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक ने घाट पर तैनात गोताखोरों से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की तथा जल सुरक्षा में उनके महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए उन्हें सम्मानित भी किया।

 इस अवसर पर गोताखोरों ने रात्रिकालीन ड्यूटी एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए उच्च क्षमता वाली टॉर्च की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी श्री आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गोताखोरों के लिए आवश्यक टॉर्च की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर आज सायंकाल तक उपलब्ध कराई जाए, ताकि रात्रि के समय भी बचाव एवं निगरानी कार्य निर्बाध रूप से संचालित हो सकें। 

अधिकारियों ने आमजन एवं श्रद्धालुओं से भी अपील की कि वे प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करें, सुरक्षा एवं यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस अथवा कंट्रोल रूम को दें। जनपद प्रशासन द्वारा श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित, शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, उप जिलाधिकारी सदर वैभव गुप्ता सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।