कन्नौज: जिले के 18 कालेजो में आयोजित हुआ “नशा मुक्त युवा विकसित भारत” संकल्प अभियान

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो) युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत द्वारा संचालित राष्ट्रव्यापी “नशा मुक्त युवा  विकसित भारत” संकल्प अभियान के अंतर्गत आज जनपद के 18 विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं प्रशिक्षण संस्थानों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया। अभियान के माध्यम से जनपद के हजारों छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने नशा मुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया। यह अभियान देशभर में एक साथ प्रारंभ किया गया, जिसके अंतर्गत युवाओं को नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए प्रेरित किया गया।

जनपद का मुख्य कार्यक्रम एस.एम.सी.एम. पब्लिक इंटर कॉलेज, टडारायपुर में आयोजित किया गया, जिसमें जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार के सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए माननीय प्रधानमंत्री जी के प्रेरणादायी संबोधन का श्रवण किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब देश का युवा नशे से दूर रहकर स्वस्थ, जागरूक एवं आत्मनिर्भर जीवन अपनाएगा। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज में भी नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आगामी 100 सप्ताह तक देशभर में खेल, फिटनेस, योग, जन-जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से निरंतर संचालित किया जाएगा।

जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “नशा मुक्त युवा  विकसित भारत” अभियान प्रत्येक युवा को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प ले। उन्होंने आगामी 100 सप्ताह तक चलने वाले अभियान में जनपद के अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान सभी संस्थानों में माननीय प्रधानमंत्री जी के वर्चुअल संबोधन का लाइव टेलीकास्ट किया गया। इसके उपरांत प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई, वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया तथा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत स्वच्छता एवं श्रमदान गतिविधियों का आयोजन कर युवाओं को स्वच्छ एवं नशामुक्त भारत के निर्माण का संदेश दिया गया।

जनपद में यह कार्यक्रम जी.डी.सी. डिग्री कॉलेज, बंगर; समाज कल्याण छात्रावास, नसरापुर; न्यूक्लियस एकेडमी; पी.एस.एम. कॉलेज एवं मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग, कन्नौज; सरदार पटेल इंटर कॉलेज, कछाटीपुर; माया देवी इंटर कॉलेज, कन्नौज; जागृति पब्लिक स्कूल, तालग्राम; एस.एम.सी.एम. पब्लिक इंटर कॉलेज, टडारायपुर; आई.टी.आई. कॉलेज, तालग्राम; महर्षि निशंक इंटर कॉलेज, कन्नौज; मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग, छिबरामऊ; नेहरू पी.जी. कॉलेज, छिबरामऊ; चौधरी अवनीश कुमार मेमोरियल इंटर कॉलेज, छबीलेपुरवा; आदर्श बाल विकास इंटर कॉलेज, सौरिख; राजकीय बालिका पॉलिटेक्निक, जसौदा; वी.डी. तिवारी इंटर कॉलेज, जलालाबाद; भारतीय इंटर कॉलेज, नितानंदपुर तथा अविका कॉलेज, गुगरापुर सहित कुल 18 स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के सफल संचालन में माई भारत के स्वयंसेवकों युगी कटियार, नीलेश कुमार, शिवम सक्सेना, अंजली श्रीवास्तव, विजय, अस्मित कटियार, रोहित, आदर्श कुमार, आदित्य यादव, पलक, गोल्डी, विकास कुमार, सुमित कुमार, सचिन, वैश्णवी कटियार, आख्या कटियार, श्याम सुंदर शाक्य एवं दुर्गेश कुमार शर्मा ने अपने-अपने आवंटित शिक्षण संस्थानों में उपस्थित रहकर कार्यक्रम का समन्वय, तकनीकी व्यवस्थाओं का संचालन, युवाओं की सहभागिता, उपस्थिति, नशा मुक्ति शपथ, वंदे मातरम् तथा स्वच्छता गतिविधियों का सफल संचालन सुनिश्चित किया। सभी स्वयंसेवकों के समर्पित प्रयासों से जनपद के सभी 18 स्थलों पर कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के अंत में जिला युवा अधिकारी ने सभी शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों, प्राचार्यों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी 100 सप्ताह तक जनपद में नशामुक्ति जन-जागरूकता अभियान, ई-प्लेज अभियान, खेल एवं फिटनेस गतिविधियाँ, संवाद कार्यक्रम तथा विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगितियों का आयोजन निरंतर किया जाएगा, जिससे “नशा मुक्त युवा  विकसित भारत” अभियान को जन-जन तक पहुँचाया जा सके।