आयुष्मान योजना के 29 गोल्डन कार्ड बनाए गए
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो) जिले के सभी 32 ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों तथा 4 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का सफल आयोजन किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन में आयोजित इस स्वास्थ्य मेले का नोडल अधिकारियों एवं नामित निरीक्षण अधिकारियों द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया तथा यह सुनिश्चित किया गया कि प्रत्येक लाभार्थी को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों।
स्वास्थ्य मेले में आने वाले मरीजों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं दवा वितरण के साथ-साथ बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का नियमित टीकाकरण, परिवार कल्याण संबंधी सेवाएं, हेपेटाइटिस-बी एवं सी की जांच, टीबी के संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग, नेत्र परीक्षण तथा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड बनाने सहित विभिन्न जनकल्याणकारी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
आज आयोजित स्वास्थ्य मेले में कुल 1,518 मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला, जिनमें 706 पुरुष, 593 महिलाएं तथा 219 बच्चे शामिल रहे। इसके अतिरिक्त आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत 29 पात्र लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाकर वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले के दौरान सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर चिकित्सकों के साथ पैरामेडिकल स्टाफ की समुचित उपस्थिति रही। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन को बेहतर, सुलभ एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।