कन्नौज: श्रावण मास में शिवभक्ति का दिखा उल्लास, कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर किया गया भव्य स्वागत

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। श्रावण मास के पावन अवसर पर आस्था एवं भक्ति से ओत-प्रोत कांवड़ यात्रा के दौरान विधायक छिबरामऊ अर्चना पांडेय, जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने थाना छिबरामऊ क्षेत्रान्तर्गत शिवभक्त कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान वातावरण हर-हर महादेव एवं बोल बम के जयघोष से भक्तिमय नजर आया।

इस दौरान माननीयों द्वारा शिवभक्त कांवड़ियों के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त करते हुए उनका कुशलक्षेम जाना तथा जलपान, फल एवं मिठाई वितरित कर आत्मीय स्वागत किया। अधिकारियों ने कांवड़ियों से संवाद स्थापित कर उनकी यात्रा, मार्ग में उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा सभी श्रद्धालुओं की सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।

जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा श्रद्धा, आस्था एवं सामाजिक समरसता का प्रतीक है। जनपद में शिवभक्तों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश, यातायात नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कांवड़ यात्रा के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संचालन के लिए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता, संवेदनशीलता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

जनपद में कांवड़ यात्रा को सौहार्दपूर्ण, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तत्परता के साथ कार्यरत है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।