कन्नौज : नवोदय में जेन जी की ‘भूख हड़ताल’  100 छात्रों ने हॉस्टल के कमरों में जड़े ताले

 बदहाली पर फूटा गुस्सा, थाली में ‘खराब खाना’ देख छलका छात्रों का दर्द

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। जवाहर नवोदय विद्यालय अनौगी में भोजन की घटिया गुणवत्ता और अन्य प्रशासनिक समस्याओं से नाराज होकर छात्रों ने मोर्चा खोल दिया है। कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के करीब एक सैकड़ा छात्रों ने खुद को हॉस्टल के कमरों में बंद कर लिया है। आक्रोशित छात्रों ने कल शाम से ही भोजन का पूरी तरह बहिष्कार कर रखा है।

छात्रों का गंभीर आरोप है कि मेस में लंबे समय से अमानक स्तर का भोजन परोसा जा रहा है। इस संबंध में जब भी प्रिंसिपल और जिम्मेदार स्टाफ से शिकायत की गई, तो समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी बात को नजरअंदाज कर दिया गया। लगातार हो रही लापरवाही और बदहाली से तंग आकर छात्रों को यह सख्त कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ा।

प्रशासनिक स्तर पर पहल की आवश्यकता

करीब 100 छात्रों के भूखे रहने और खुद को कमरों में कैद कर लेने से विद्यालय परिसर में हड़कंप का माहौल है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उच्च प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल हस्तक्षेप करने की जरूरत है, ताकि छात्रों से संवाद कायम कर उनकी मांगों का त्वरित निस्तारण कराया जा सके।

प्रिंसिपल से नहीं हो सका संपर्क

छात्रों के विरोध प्रदर्शन, मेस में भोजन की बदहाली और हॉस्टल में खुद को बंद करने के गंभीर आरोपों को लेकर जब नवोदय विद्यालय के प्रिंसिपल से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो उनसे संपर्क नहीं हो सका। प्रशासनिक अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।