कन्नौज : मिनी नंदनी कृषक समृद्धि योजना के अंतर्गत ई-लॉटरी से 6 लाभार्थियों का चयन 

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। जनपद में नंद बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत संचालित मिनी नंदनी कृषक समृद्धि योजना के तहत आज दिनांक 14 अगस्त 2026 को मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास की उपस्थिति में ई-लॉटरी के माध्यम से कुल 06 लाभार्थियों का चयन किया गया। चयनित लाभार्थियों में महिला लाभार्थियों के रूप में गीतादेवी कल्पना देवी एवं सत्यवती तथा पुरुष लाभार्थियों में राघवेन्द्र सिंह, अशोक एवं ऋषि कुमार  का चयन किया गया।

योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थी को 10 स्वदेशी उन्नत नस्ल के गोवंश का पालन करना होता है। इसके लिए थारपारकर, गिर, हरियाणा एवं साहीवाल आदि नस्लों के गोवंश को प्रदेश के बाहर से क्रय कर लाकर पालन किया जाता है।

योजना की कुल परियोजना लागत ₹23.60 लाख है, जिसमें लाभार्थी को ₹11.80 लाख का अनुदान दो किश्तो में प्रदान किया जाता है। लाभार्थी को परियोजना लागत का 15 प्रतिशत रु 3.54 लाख मार्जिन मनी के रूप में स्वयं वहन करना होता है तथा शेष 35 प्रतिशत रु 8.26 लाख की धनराशि बैंक ऋण अथवा स्वयं के संसाधनों से लगाई जा सकती है। यदि लाभार्थी बैंक ऋण नहीं लेना चाहता है, तो वह अपने संसाधनों से आवश्यक धनराशि लगाकर योजना का संचालन कर सकता है। ऐसे लाभार्थी को भी नियमानुसार ₹11.80 लाख का अनुदान प्रदान किया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी द्वारा चयनित लाभार्थियों को निर्देशित किया गया कि वे एक माह के भीतर बैंक ऋण संबंधी आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कर लें तथा दो माह के भीतर योजना को क्रियाशील  करना सुनिश्चित करें। निर्धारित अवधि में योजना पूर्ण न किए जाने की स्थिति में लाभार्थी का चयन स्वतः निरस्त माना जाएगा तथा प्रतीक्षा सूची में रखे गए लाभार्थियों में से नियमानुसार चयन की कार्रवाई की जाएगी। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ सरदूल सिंह ने बताया कि इस प्रकार जनपद कन्नौज में नंद बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत मिनी नंदनी कृषक समृद्धि योजना के निर्धारित सभी 06 लक्ष्यों के सापेक्ष लाभार्थियों का चयन पूर्ण कर लिया गया है। योजना का उद्देश्य उन्नत देशी नस्ल के गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ-साथ पशुपालकों की आय में वृद्धि तथा दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना है। चयन प्रक्रिया के समय लाभार्थी एवं मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी, उप दुग्धशाला विकास अधिकारी, एलडीएम,  आदि अनेक अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।