विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। उप जिलाधिकारी तिर्वा सुश्री वैशाली ने राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज तिर्वा का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास, मेस एवं अन्य सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता को स्वयं परखा। उन्होंने छात्र-छात्राओं के लिए स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन तथा बेहतर छात्रावास सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उप जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं एवं सुझाव लिए। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को भोजन रोस्टर के अनुसार उपलब्ध कराया जाए तथा मेन्यू को डिस्प्ले बोर्ड पर प्रदर्शित किया जाए। आरओ खराब होने की स्थिति में उसे तत्काल सही कराने के निर्देश दिए। साथ ही, हॉस्टल में एक ही वाटर कूलर होने पर विद्यार्थियों की सुविधा के लिए वाटर कूलर की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा तथा संबंधित अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार कराया जाएगा।
इस अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं शासन द्वारा संचालित विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने छात्राओं को किसी भी समस्या की स्थिति में बिना संकोच अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सीओ कुलवीर सिंह सहित संबंधित उपस्थित रहे।
