लखनऊ।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर पीडीए समाज के शोषण, अपराध, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और वंचित समाज के लोग इसका सबसे अधिक शिकार हो रहे हैं। प्रतापगढ़ में सौरभ विश्वकर्मा की हत्या, बदायूं में डॉक्टर से मारपीट और गोरखपुर में बिजली ठेकेदार की हत्या की घटनाओं का हवाला देते हुए उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा शासन में महंगाई और भ्रष्टाचार से जनता परेशान है। थाना और कचहरी भ्रष्टाचार के अड्डे बन गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म और जाति देखकर फैसले किए जा रहे हैं। महिलाओं के खिलाफ अपराध, जमीनों पर कब्जे और पुलिस हिरासत में मौत की घटनाएं भी चिंता का विषय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नौकरियों में पीडीए के आरक्षण की सीटों में घोटाला हुआ है। प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने से छात्र और नौजवान प्रभावित हैं। स्कूल बंद किए जाने और जौहर अली विश्वविद्यालय के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। अखिलेश ने आदिवासियों की जमीन और जंगलों से जुड़े मुद्दे भी उठाए। उन्होंने विंध्य एक्सप्रेसवे निर्माण के नाम पर पेड़ों की कटाई का आरोप लगाया। कहा कि जनता भाजपा सरकार से ऊब चुकी है और संविधान, लोकतंत्र व आरक्षण बचाने की लड़ाई में छात्र-नौजवान आगे आ रहे हैं। सपा सरकार बनने पर जनता के साथ न्याय होगा और प्रदेश खुशहाल बनेगा।
सुखबीर बादल पर हमला सुरक्षा में गंभीर चूक
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महाराष्ट्र के नांदेड में शिरोमणि अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर हुए जानलेवा हमले को गंभीर मामला बताया। उन्होंने कहा कि यह महाराष्ट्र की भाजपा सरकार की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक है। अखिलेश ने घायल सुखबीर बादल के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने हमले में घायल सुरक्षाकर्मी को बेहतर से बेहतर इलाज और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।
यूपी की कानून व्यवस्था पर अखिलेश ने उठाए सवाल? बोले: सपा की सरकार आने पर ही आएगी खुशहाली
