बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। जिले के इंदरगढ़ कस्बे में नाला और सड़क की वर्षों पुरानी समस्या को लेकर व्यापारियों का धैर्य जवाब दे गया। ऊर्जा राज्य मंत्री के क्षेत्र में व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने रविवार को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। व्यापारियों को मनाने भाजपा नेता व ब्लाक प्रमुख के पति पहुंचे, लेकिन प्रदर्शन कर रहे लोग काम शुरू होने तक डटे रहने की बात पर अड़े रहे।
तिर्वा विधानसभा क्षेत्र के इंदरगढ़ कस्बे की पहचान लाजवाब छेना मिठाई के कारण बनी हुई है। इसी कस्बे के पास यूपी का सबसे बड़ा पक्षी विहार लाख बहोसी है। जिस कारण विदेशी पक्षियों को देखने यहां पर्यटक आया करते थे। पिछले कई वर्षों से ये कस्बा सड़क और नाले की समस्या से जूझ रहा है। अधिकांश जगहों पर रास्ते से सड़क गायब हो चुकी। यहां गड्ढे ही गड्ढे नजर आते हैं। इंदरगढ़ कस्बे की ये दुर्दशा तब है, जब क्षेत्र के भाजपा विधायक कैलाश राजपूत यूपी सरकार में ऊर्जा राज्यमंत्री है।
इंदरगढ़ कस्बे की टूटी सड़कों पर पानी भरा रहता है । स्कूली बच्चों और राहगीरों को यहां से निकलने में मुसीबतों का सामना करना पड़ता है । ऐसे में रविवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष पकंज गुप्ता की अगुवाई में व्यापारियों और कस्बेवासियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। पूरे कस्बे में प्रदर्शन करने के बाद वह लोग पटेल नगर तिराहे पर धरना देकर बैठ गए।
आंदोलन की जानकारी मिलते ही हसेरन की ब्लाक प्रमुख सीमा शाक्य के पति पुष्पेंद्र शाक्य इंदरगढ़ पहुंच गए। उन्होंने व्यापारियों को समस्या के समाधान का भरोसा दिलाते हुए आंदोलन खत्म करने की अपील की लेकिन व्यापारियों ने उनकी बात नहीं मानी और नाली-सड़क का काम शुरू होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
व्यापारी नेता पंकज गुप्ता ने बताया कि उन्होंने क्षेत्रीय विधायक कैलाश राजपूत से चुनाव के समय सड़क और नाल निर्माण की मांग की थी। तब उन्होंने चुनाव जीतने के तुरन्त बाद सड़क निर्माण कराने का भरोसा दिया था। अब वह ऊर्जा राज्यमंत्री हैं। फिर भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इस समस्या से कन्नौज विधायक व समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण को भी अवगत कराया जा चुका, लेकिन उन्होंने भी अनदेखी कर दी।
