फर्रूखाबाद। (आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। कायमगंज विधानसभा के ग्राम बराबिकू निवासी साधारण किसान बृजनंदन लाल जाटव की दुखद मृत्यु के मामले में समाजवादी पार्टी के नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और न्याय की लड़ाई में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
परिजनों एवं ग्रामीणों के अनुसार खेत में सड़क निर्माण को लेकर क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा बनाए जा रहे दबाव के कारण बृजनंदन लाल जाटव मानसिक रूप से बेहद परेशान थे। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के दौरान लेखपाल द्वारा रिश्वत से संबंधित रू 70 हजार लिखी एक पर्ची उनकी जेब में डाली गई, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और मौके पर ही उनका निधन हो गया। परिजनों एवं ग्रामीणों द्वारा निष्पक्ष जांच कराए जाने को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। समाजवादी पार्टी ने पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन से निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। सपा नेता सर्वेश अंबेडकर ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और बृजनंदन लाल जाटव की पत्नी गीता देवी पुत्र आर्यन जाटव, युग जाटव और बेटी कशिश और प्रतीक्षा को आर्थिक सहयोग के रूप में चेक सौंपी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में शासन-प्रशासन के लोगों की मनमानी और भ्रष्टाचार चरम पर है। बृजनंदन लाल जाटव की मौत इसी व्यवस्था का दुखद उदाहरण है। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक और सांसद पीड़ित परिवार के घर पहुंचना तो दूर दो शब्द तक नहीं बोल सके, जबकि समाजवादी पार्टी ने इस दुख की घड़ी में परिवार का साथ दिया है। सर्वेश अंबेडकर ने बताया कि उन्होंने पूरे प्रकरण की जानकारी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी को दी। घटना पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जी ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत किसान को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा पीड़ित परिवार की सहायता के लिए रू 50,000 की आर्थिक सहायता भेजी, जिसे वह स्वयं परिवार के बीच लेकर पहुंचे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर लोकतांत्रिक संघर्ष में साथ खड़ी रहेगी।
समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला महासचिव एवं प्रदेश सचिव मंदीप यादव एडवोकेट ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है। क्षेत्र के चार विधायक, एक सांसद और एमएलसी होने के बावजूद किसी ने पीड़ित परिवार के बीच पहुंचकर संवेदना व्यक्त करना तक उचित नहीं समझा। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद प्रशासन द्वारा परिवार पर दबाव बनाया गया, जिसके कारण आज भी परिवार के लोगों में भय का माहौल है।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष सोमेंद्र यादव, अमन सूर्यवंशी, अल्पसंख्यक सभा जिलाध्यक्ष साजिद अली खान, अरविंद कुमार यादव, अभिषेक शाक्य, मनोज कोरी, बंटी यादव, अशोक अंबेडकर, बराबिकू ग्राम प्रधान के ससुर रामपाल शाक्य, ओमप्रकाश बिहारी यादव, अरविंद यादव, कामेश कटियार, विकास कुमार दीपू, अंकित यादव एडवोकेट, योगेंद्र यादव, धर्मेंद्र प्रधान, रामपाल यादव प्रधान, मुख्तियार आलम, पवन यादव प्रधान, विनेश प्रधान, देवेंद्र यादव, रवीश शास्त्री, संदीप यादव, शरद यादव सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मंच का संचालन समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव बंटी यादव ने किया।
सपा सुप्रीमो ने दलित किसान को भेजी रू50 हजार की आर्थिक सहायता, व्यक्त की गहरी संवेदनाएं
