श्रद्धापूर्वक मनाया गया डॉ.भूपेन्द्र नाथ सरीन का 79वां जन्मदिवस

फर्रूखाबाद। (आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। शहर लोहाई रोड स्थित सरीन नर्सिंग होम में समाजसेवी डॉ. भूपेन्द्र नाथ सरीन का 79वां जन्मदिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई धर्मगुरुओं ने एक साथ प्रार्थना कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। नगर के गणमान्य लोगों ने डॉ. भूपेन्द्र नाथ सरीन एवं डॉ. रजनी सरीन के कृतित्व और व्यक्तित्व को याद करते हुए उनके सामाजिक योगदान को नमन किया। कार्यक्रम में सूफी संत पप्पन मियां, पादरी रेव. फिन मसीह और ज्ञानी विकास सिंह ने मंगलाचरण एवं स्वस्तिवाचन के साथ दीप प्रज्ज्वलित किया। उदयपाल ने सभी धर्मगुरुओं को उत्तरीय पहनाकर सम्मानित किया। धर्मगुरुओं ने कुरान की आयतों, पवित्र बाइबिल के वचनों और गुरुवाणी के माध्यम से आत्मशांति के लिए प्रार्थना की तथा पुष्पांजलि अर्पित की।डॉ. सरीन की सुपुत्री डॉ. पायल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। विदेश में मौजूद उनके सुपुत्र डॉ. अंकित सरीन, डॉ. कोयल एवं डॉ. सुची आनंद सरीन ने ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए। संत पप्पन मियां ने कहा कि डॉ. रजनी सरीन गरीबों की मसीहा थीं और सदैव जरूरतमंदों की सेवा में लगी रहती थीं। पादरी रेव. फिन मसीह ने बाइबिल की पवित्र वाणी के माध्यम से आत्मशांति की प्रार्थना करते हुए कहा कि जो लोग अपने लिए नहीं, बल्कि दूसरों के लिए जीते और सेवा करते हैं, उन्हें समाज सदैव यादरखता है। ज्ञानी विकास सिंह ने गुरुवाणी के साथ शांतिपाठ किया। राजेन्द्र पाल पाण्डेय ने डॉ. सरीन के सामाजिक योगदान को प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. रजनी सरीन ममता और दया की प्रतिमूर्ति थीं। उनका सपना था कि नर्सिंग होम के साथ समाजसेवा का कार्य निरंतर चलता रहे, जिसे पूरा करने का संकल्प सभी ने लिया। पर्यावरणविद् गुंजा जैन ने जैन धर्म के मंत्रों के साथ आत्मशांति की प्रार्थना की। संजय गर्ग ने कहा कि डॉ. साहब ने अनेक लोगों को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और उनकी स्मृतियां सदैव दिलों में जीवित रहेंगी। इस अवसर पर डॉ. अंजलि गोस्वामी, उदयपाल, विजय, डॉ. प्रिया पाठक, डॉ. संजीव मौर्य, डॉ. उमाशंकर तिवारी, अजय कुमार, अनिल कुमार, गौरव, रजत, आशु, सुरजीत (छोटू), राधा देवी, राहुल कश्यप, बेवी, शालिनी, भूमि, दिनेश बाथम, पवन कटियार, रंजना, आकाश कश्यप सहित सरीन नर्सिंग होम का स्टाफ एवं सैकड़ों गणमान्य लोग मौजूद रहे।कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी संजय गर्ग ने किया। अंत में सभी ने ‘ओम शांति’ के साथ परमात्मा से प्रार्थना करते हुए डॉ. भूपेन्द्र नाथ सरीन एवं डॉ. रजनी सरीन को श्रद्धासुमन अर्पित किए।