विधानसभा चुनाव 2027 में प्रचण्ड बहुमत के साथ पीडीए सरकार बनेगी: चन्द्रपाल
फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। बीते 2024 के लोकसभा चुनाव में पीडीए का नारा बुलंद कर अपने ऐतिहासिक आंकड़े को पार कर चुकी समाजवादी पार्टी अब 2027 के लिए जमीन पर पीडीए आंदोलन का खाका खींच रही है। गुरुवार को आंवला संसदीय सीट से सपा सांसद नीरज मौर्य ने समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय परिसर सभागार में भोजपुर एवं अमृतपुर विधानसभा के शाक्य/मौर्य समाज के कुछ प्रमुख चुनिंदा लोगों से संगठनात्मक बैठक कर समाज की जमीनी हकीकत को जाना और परखा। बैठक का संचालन जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने किया।
सपा सांसद श्रीमौर्य ने कहा कि आगे कुछ समय बाद ही गांव-गांव व्यापक रूप से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा जिसकी आधारशिला रखी जा चुकी है। आने बाले समय में पूरा पीडीए समाज एकजुट होगा और उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। आज पूरा पीडीए समाज यह जान चुका है कि समाजवादी पार्टी की सरकार में ही उसका सम्मान सुरक्षित है, पूरे प्रदेश का शाक्य समाज यह अच्छी तरह समझ गया है कि समाज को जो राजनैतिक भागीदारी अखिलेश यादव के नेतृत्व में मिल सकती है वह किसी और पार्टी की सरकार में नहीं मिल सकती। भारतीय जनता पार्टी अपने पूरे कार्यकाल के दौरान एक भी शिक्षक भर्ती नहीं निकाल पाई। पूरी शिक्षा व्यवस्था आज बर्बाद हो चुकी है, डायल 100, 102 और 108 की गाड़ियां पूरी तरह खत्म होने की कगार पर हैं,जेपीएनआईसी जैसी बिल्डिंग को सरकार ने कॉर्पाेरेट मित्रों को सौंप दिया है, आज बेरोजगारी और महंगाई अपने चरम पर हैं। सच्चाई तो यह है कि विकास का फर्जी ढिंढोरा पीटने वाले लोग असल में शुद्ध तरीके से विकास लिख नहीं सकते। हजारों करोड़ रुपए खर्च कर उनकी बनाई गई सड़क 13 दिन भी नहीं चल पाई उससे पहले ही उसकी तेरहवीं हो गई। शासन में बैठे हुए लोगों ने देश की जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा बुरी तरह से लूटा है और खुद को अमीर बनाया है। आने वाले समय में इनके सभी भ्रष्टाचारों की जांच होगी और इन कारनामों को अंजाम देने वाले लोग जेल जाएंगे।
सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि फर्रूखाबाद सदैव समाजवादियों की भूमि रही है 2027 में जनपद फर्रूखाबाद की चारों सीटें समाजवादी पार्टी जीतेगी और प्रदेश में प्रचण्ड बहुमत के साथ पीडीए सरकार बनेगी। इस दौरान पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत,पूर्व महानगर अध्यक्ष राजीव शाक्य, नदीम अहमद फारूकी, सर्वेश अंबेडकर, डॉ0 जेपी वर्मा, अजीत यादव, राजीव शाक्य, नागेंद्र शाक्य, उदय प्रताप सिंह (भोला यादव), नरेंद्र सिंह यादव, अरविंद कुशवाह, अनिल कुमार शाक्य, ब्रजपाल सिंह शाक्य, अजब सिंह शाक्य आदि पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समाजवादी पार्टी की सरकार में ही सुरक्षित है पीडीए समाज का सम्मान: सांसद नीरज मौर्य
