कन्नौज: राष्ट्रीय खेल दिवस पर जिला प्रशासन एवं पत्रकारों के बीच बैडमिंटन मैच 

खेलों से आपसी सौहार्द, टीम भावना एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को मिलता है बढ़ावा : डीएम 

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं पत्रकारों के मध्य मैत्रीपूर्ण बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन पैरा मेडिकल कॉलेज के हॉल में किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ जिला प्रशासन एवं मीडिया प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय, सौहार्द एवं आपसी सहयोग को और मजबूत करना रहा।

प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री राजेंद्र कुमार श्रीवास ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इसके उपरांत अतिथियों ने बैडमिंटन की शॉट खेलकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों का परिचय कराया गया तथा अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। 

मैत्रीपूर्ण बैडमिंटन प्रतियोगिता में जिला प्रशासन एवं पत्रकारों की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन किया।

सेमीफाइनल डीसी जीएसटी राजीव त्यागी, इंस्पेक्टर नीरज मलिक एवं पत्रकार अमित मिश्रा, अनुज के मध्य खेला गया। 

 फाइनल मुकाबला जिला प्रशासन की ओर से अभिषेक सिंह (इंटेलिजेंस), श्यामेन्द्र मोहन चौधरी, अधिशासी अधिकारी एवं पत्रकारों की ओर से पुनीत तथा अमित दीक्षित के बीच खेला गया। कड़े एवं रोमांचक मुकाबले के बाद जिला प्रशासन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि पत्रकारों की टीम उपविजेता रही।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास द्वारा विजेता जिला प्रशासन की टीम को विजेता ट्रॉफी प्रदान की गई तथा उपविजेता पत्रकार टीम को रनर-अप ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।

खेल प्रतियोगिता में अधिकारीगण एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहें।