कन्नौज: शिक्षकों और उनके आश्रितों को ₹5 लाख तक की कैशलेस उपचार सुविधा मिली

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया एवं मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास ने संयुक्त रूप से कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में आयोजित मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के जनपदीय कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा से आयोजित मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ के राज्यस्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा एवं सुना गया। कार्यक्रम के दौरान जनपद के 25 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए।

इस योजना के माध्यम से बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों के साथ-साथ अब राजकीय विश्वविद्यालयों, राज्य विश्वविद्यालयों, सहायता प्राप्त एवं स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों तथा अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक एवं उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ प्राप्त होगा। योजना का संचालन स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज के माध्यम से किया जाएगा। प्रदेश सरकार की यह महत्वाकांक्षी पहल शिक्षकों एवं उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

अपने संबोधन में भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने कहा कि प्रदेश सरकार सदैव शिक्षकों के सम्मान, सुरक्षा एवं कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों के जीवन में नई आशा और विश्वास का संचार करेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज का निर्माता होता है और जब शिक्षक स्वस्थ एवं निश्चिंत रहेगा, तभी वह नई पीढ़ी को बेहतर शिक्षा एवं संस्कार प्रदान कर सकेगा। उन्होंने सभी लाभार्थी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए इस योजना का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री के उद्बोधन से स्पष्ट है कि शिक्षक केवल शिक्षा प्रदान करने का कार्य ही नहीं करते बल्कि विकसित भारत एवं विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने शिक्षकों से पुस्तकालय संस्कृति को बढ़ावा देने, सतत अध्ययन की आदत विकसित करने तथा आधुनिक तकनीक एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म का सकारात्मक एवं प्रभावी उपयोग कर स्वयं को निरंतर अद्यतन रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार और आधुनिक ज्ञान से ही विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत पात्र शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक का कैशलेस स्वास्थ्य कवर उपलब्ध कराया जाएगा। कार्ड जारी होने के प्रथम दिवस से ही लाभार्थी सूचीबद्ध चिकित्सालयों में भर्ती, उपचार, जांच, दवाइयों एवं डिस्चार्ज तक की समस्त चिकित्सा सेवाओं का कैशलेस लाभ प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह योजना शिक्षकों को आर्थिक एवं मानसिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी सहज पहुँच सुनिश्चित करेगी।

कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज, अविका डिग्री कॉलेज कन्नौज, चौधरी इंदल सिंह डिग्री कॉलेज के शिक्षक तथा राजकीय महिला महाविद्यालय बांगर कन्नौज के शिक्षकगण अम्बरीन फातिमा, डॉ नीलम सोनी एवं डॉ पीपी यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएँ, अतिथिगण एवं जनसमूह उपस्थित रहे।