कन्नौज: डीएलएसए सचिव ने  जिला कारागार का किया किया निरीक्षण

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। आज सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौमेला श्रीवास्तव द्वारा जिला कारागार का निरीक्षण किया गया। इस विज़िट का मुख्य उद्देश्य जेल में बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं की समीक्षा करना और उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।

निरीक्षण के दौरान डीएलएसए सचिव ने महिला, पुरुष और किशोर बैरकों का दौरा किया। उन्होंने बंदियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। सचिव ने स्पष्ट किया कि कानून के समक्ष हर व्यक्ति समान है और आर्थिक रूप से कमजोर या असहाय बंदियों को न्याय से वंचित नहीं रखा जा सकता। उन्होंने बंदियों को आश्वस्त किया कि विधिक सेवा प्राधिकरण उनके अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

सचिव ने जेल परिसर में संचालित जेल विधिक सहायता क्लिनिक का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद पैरा लीगल वॉलंटियर्स के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी बंदी का मामला बिना अधिवक्ता (वकील) के लंबित न रहे। जिन बंदियों की जमानत मंजूर हो चुकी है लेकिन वे मुचलका न भर पाने के कारण जेल में हैं, उनकी सूची तुरंत तैयार की जाए विचाराधीन बंदियों की अपील और पैरवी के लिए निःशुल्क सरकारी वकील की सुविधा अविलंब सुनिश्चित की जाए। सचिव ने कारागार की पाकशाला (रसोईघर) का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता और जेल मैनुअल के अनुसार मीनू की जांच की। इसके साथ ही जेल अस्पताल का दौरा कर बीमार बंदियों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं और दवाइयों की उपलब्धता को देखा। महिला बंदियों के साथ रह रहे छोटे बच्चों के लिए दूध, पोषण और शिक्षा की व्यवस्थाओं को भी परखा। जेल परिसर में साफ-सफाई और स्वच्छता संतोषजनक पाई गई। निरीक्षण के अंत में सचिव ने जेल अधीक्षक और जेलर सहित समस्त स्टाफ के साथ बैठक की। उन्होंने पारदर्शी और मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।