तीन दिवसीय पीडीए जन पंचायत के दौरान सपा ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता तथा प्रदेश अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ राजपाल कश्यप ने कन्नौज की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में तीन दिनों तक आयोजित पीडीए जन पंचायतों के बाद मंगलवार को जिला सपा कार्यालय में प्रेस वार्ता की। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनपद में किसानों, युवाओं और व्यापारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे हैं, जिन पर सरकार गंभीरता से काम नहीं कर रही है।
राजपाल कश्यप ने कहा कि कन्नौज की सबसे बड़ी समस्या आलू की बदहाली है। जनपद में करीब चार लाख से अधिक किसान आलू की खेती से जुड़े हैं, लेकिन पिछले दो वर्षों से किसानों को आलू का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आलू की मांग और कीमत दोनों कम होने से किसान परेशान हैं। उन्होंने कहा कि सरकार में कन्नौज के मंत्री द्वारा आलू की सरकारी खरीद का आश्वासन दिया गया था, लेकिन इसका भी किसानों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है।
उन्होंने कन्नौज में बिजली कटौती और लो-वोल्टेज को भी बड़ी समस्या बताते हुए कहा कि इस वर्ष बारिश कम होने के कारण किसानों को फसलों की सिंचाई में परेशानी हो रही है। ऊर्जा मंत्री का क्षेत्र होने के बावजूद बिजली को लेकर लोगों में हाहाकार है।
सपा नेता ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार और नौकरियां देने के दावे करती है, लेकिन धरातल पर रोजगार के पर्याप्त अवसर दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा अब 2027 के विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रहे हैं और प्रदेश में बदलाव का मन बना चुके हैं।
इत्र पार्क को लेकर भी सरकार पर सवाल
राजपाल कश्यप ने कन्नौज की पहचान इत्र उद्योग को लेकर कहा कि अखिलेश यादव सरकार के दौरान कन्नौज के इत्र उद्योग को विश्वस्तरीय पहचान दिलाने के लिए प्रयास किए गए थे। उन्होंने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ फ्रांस के ग्रासे शहर गए थे और उसी तर्ज पर कन्नौज में करीब 100 एकड़ में इत्र पार्क की नींव रखी गई थी। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में इत्र पार्क का क्षेत्रफल घटाकर करीब 35 एकड़ तक सीमित कर दिया गया और अभी तक यह पूरी तरह शुरू नहीं हो सका है।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में कन्नौज में आलू मंडी, पैरामेडिकल कॉलेज, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, मिल्क प्लांट, सड़कों, पुलों और अन्य कई विकास परियोजनाओं पर काम हुआ था। वहीं मौजूदा सरकार में सड़कों की खराब स्थिति, जलभराव और जलनिकासी जैसी समस्याएं बनी हुई हैं।
राजपाल कश्यप ने तिर्वा राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति के लिए धरना देने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी जिले को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। साथ ही उन्होंने भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि जनता इसका जवाब 2027 के चुनाव में देगी।
प्रेस वार्ता के दौरान सपा जिलाध्यक्ष कलीम खान, वरिष्ठ नेता जय कुमार तिवारी ‘बऊअन’, प्रदेश सचिव बंटी शर्मा, युवजन सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब हसन, यश कुमार दोहरे, राजपाल राजू, रामसेवक राजपूत, अंशू पाल, विवेक पाल, रामसेवक बाथम, नेम सिंह यादव, नितिन यादव, अजय कश्यप, वीरेंद्र कश्यप, कल्लू पाल, गुफरान अहमद, सद्दाम साबरी, बीपी यादव सहित अन्य सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
