बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) के हित में बड़ा निर्णय लेते हुए उनके लाभांश में ₹35 प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है। अब उचित दर विक्रेताओं को ₹90 के स्थान पर ₹125 प्रति क्विंटल लाभांश प्राप्त होगा। सरकार के इस निर्णय पर उत्तर प्रदेश सस्ता गल्ला विक्रेता परिषद की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती अनुराधा गुप्ता के नेतृत्व में राशन विक्रेता
प्रतिनिधि मण्डल द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापन कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री को समर्पित किया।
इस मौके पर उत्तर प्रदेश सस्ता गल्ला विक्रेता परिषद की उपाध्यक्ष अनुराधा गुप्ता ने कहा कि उचित दर विक्रेता सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से प्रदेश के गरीब, जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में लाभांश में की गई यह वृद्धि उचित दर विक्रेताओं के आर्थिक हितों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि उचित दर विक्रेता लंबे समय से अपने लाभांश में वृद्धि की मांग करते आ रहे थे। सरकार द्वारा उनकी समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से लेते हुए ₹35 प्रति क्विंटल की उल्लेखनीय वृद्धि किया जाना स्वागत योग्य है। इससे प्रदेश के हजारों उचित दर विक्रेताओं को प्रत्यक्ष रूप से आर्थिक राहत मिलेगी तथा वे और अधिक उत्साह एवं जिम्मेदारी के साथ सार्वजनिक वितरण प्रणाली का संचालन कर सकेंगे।
उन्होंने ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं के हित में लिए गए इस निर्णय के लिए वे हृदय से कृतज्ञ हैं। साथ ही, खाद्य एवं रसद मंत्री श्री मनोज कुमार पांडेय का भी विशेष आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उचित दर विक्रेताओं की समस्याओं एवं हितों को गंभीरता से लेते हुए उनके लाभांश में वृद्धि के लिए प्रभावी प्रयास किए।
