बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। प्रदे
श के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत कार्मिकों के हितों को बेहतर संरक्षण देने तथा आउटसोर्सिंग व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के पोर्टल एवं वेबसाइट के शुभारंभ तथा लोगो का अनावरण किया, जिसका सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र श्रीवास तथा आउट सोर्स कर्मियों की उपस्थिति में देखा व सुना गया। इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले आउटसोर्स कर्मी शिवम् सैनी, आशीष वर्मा, श्री अक्षत, आशीष कुमार आदि को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि आउटसोर्स सेवा निगम के शुभारंभ से आउटसोर्सिंग व्यवस्था में सुधार की महत्वपूर्ण पहल है। निगम के माध्यम से विभिन्न विभागों एवं संस्थानों में आउटसोर्सिंग के आधार पर होने वाली मानव संसाधन की नियुक्ति एवं प्रबंधन व्यवस्था को एक व्यवस्थित प्लेटफॉर्म उपलब्ध होगा। इसका उद्देश्य आउटसोर्स कार्मिकों को बेहतर सेवा व्यवस्था उपलब्ध कराने के साथ-साथ चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है ।
उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था के तहत आउटसोर्सिंग कार्मिकों को समय से मानदेय भुगतान होगा इसके साथ ही स्टेट बैंक के साथ एमओयू हुआ है। मुख्यमंत्री जी ने आउटसोर्स कर्मी को 20 से 50 लाख तक
दुर्घटना बीमा एवं आयुष्मान भारत योजना तथा 8 लाख पुत्र व 10 लाख पुत्री की शिक्षा हेतु देने से संबंधित इत्यादि बातें कही है। उन्होंने कहा कि सरकार पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्ष भाव से कार्य कर रही है। अब कोई भी आउटसोर्सिंग कंपनी कर्मचारियों को अपनी मनमर्जी से सीधे नौकरी से नहीं निकाल सकेगी। इसके लिए पहले सरकार से इजाजत लेनी होगी। सरकार इसकी पूरी जांच करेगी और शिकायत गलत मिलने पर कर्मचारी को हटाया नहीं जा सकेगा।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विकास चंद्रा सहित अन्य अधिकारीगण एवं आउटसोर्स कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
