बृजेश चतुर्वेदी
तिर्वा।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका तिर्वा बबलू कुमार द्वारा अवगत कराया गया कि नगर पंचायत तिर्वागंज में इलाहाबाद बैंक के सामने स्टेट हाईवे पर जलभराव की समस्या को संज्ञान में लेते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई की गई। नाले की समुचित सफाई एवं जल निकासी की व्यवस्था कराकर मौके पर जलभराव की समस्या का निस्तारण सुनिश्चित किया गया।
सड़क पर बने गड्ढों के कारण आवागमन में हो रही असुविधा को देखते हुए उनमें रविस एवं रोड़ा आदि सामग्री डलवाकर सड़क को समतल कराया गया, जिससे राहगीरों एवं वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिल सके तथा दुर्घटना की संभावनाओं को कम किया जा सके।
अधिशासी अधिकारी ने बताया कि नगर क्षेत्र में जलभराव एवं साफ-सफाई से संबंधित समस्याओं के निस्तारण के लिए नगर पालिका की टीम द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। नालियों एवं नालों की सफाई, कूड़ा-कचरा हटाने तथा जल निकासी के मार्गों को सुचारु रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्षा के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संवेदनशील स्थलों की निगरानी कर आवश्यकतानुसार तत्काल कार्रवाई की जा रही है। नगर पालिका की प्राथमिकता स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुगम आवागमन वाला नगर सुनिश्चित करना है।
नगरवासियों से भी अपील की गई कि वे नालियों एवं जल निकासी के मार्गों में कूड़ा-कचरा न डालें तथा नगर को स्वच्छ एवं जलभराव मुक्त बनाए रखने में नगर पालिका का सहयोग करें।
