बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। ग्राम डेराकने, उपकेन्द्र कल्सान, विकासखंड हसेरन में बुखार एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की सूचना प्राप्त होते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास चंद्रा ने त्वरित संज्ञान लेते हुए चिकित्सा अधीक्षक/प्रभारी चिकित्साधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसेरन को ब्लॉक रैपिड रिस्पॉन्स टीम (आरआरटी) के माध्यम से गांव में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर आवश्यक चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशों के क्रम में आज ग्राम डेराकने में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। कुल 42 मरीजों का उपचार किया गया, जिसमें 5 मरीज मतली एवं उल्टी, 30 मरीज चर्म रोग तथा 7 मरीज सामान्य कमजोरी से संबंधित पाए गए।
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा प्रभावित एवं जरूरतमंद ग्रामीणों को ओआरएस पैकेट एवं क्लोरीन टैबलेट वितरित की गईं। ग्रामीणों को सलाह दी गई कि पेयजल को उबालकर अथवा निर्धारित मात्रा में क्लोरीन टैबलेट का प्रयोग कर शुद्ध करने के बाद ही पीने के लिए उपयोग करें। साथ ही स्वच्छता, हाथों की नियमित सफाई तथा स्वच्छ एवं सुपाच्य भोजन के सेवन के प्रति जागरूक किया गया।
वर्षा ऋतु को देखते हुए ग्रामीणों को घरों एवं आसपास जलभराव न होने देने तथा एकत्रित पानी को तत्काल हटाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि मलेरिया एवं डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के प्रजनन को रोका जा सके। मच्छरों से बचाव के लिए पूरे आस्तीन के कपड़े पहनने तथा नियमित रूप से मच्छरदानी का प्रयोग करने की भी सलाह दी गई।
चिकित्सा विभाग द्वारा ग्राम की स्थिति को सामान्य बताया गया है। ग्राम की आशा एवं एएनएम को निरंतर गांव का भ्रमण करते हुए सोर्स रिडक्शन (मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने) की कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा बुखार अथवा अन्य बीमारी के लक्षण होने पर मरीजों को तत्काल नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार कराने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार के स्वास्थ्य संबंधी लक्षणों को नजरअंदाज न करें और समय से चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्राप्त करें।
