सीएम ने बाढ़ प्रभावित 1,000 परिवारों को वितरित की राहत सामग्री: 102 गांवों को हरसंभव मदद का भरोसा

फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)।  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को फर्रूखाबाद में बाढ़ प्रभावित 1,000 परिवारों को राहत सामग्री वितरित की और कहा कि उनकी सरकार 102 गांवों में बाढ़ से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता देगी। उन्होंने बाढ़ से बेघर हुए परिवारों को भूमि आवंटन प्रमाण पत्र और राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष से वित्तीय सहायता भी वितरित की। बाढ़ पीड़ितों को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा, मैं यहां आपको आश्वस्त करने आया हूं कि आपदा की इस घड़ी में आप अकेले नहीं हैं। डबल इंजन वाली एनडीए सरकार आपके साथ खड़ी है और यह सुनिश्चित करेगी कि आपकी आवश्यकताओं के अनुसार हरसंभव मदद आप तक पहुंचे।
ये तीन तहसीलें बाढ़ से प्रभावित
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने जिले की तीनों बाढ़ प्रभावित तहसीलें – सदर, कायमगंज और अमृतपुर – का निरीक्षण किया है और निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा, हमारी सरकार इस बाढ़ से प्रभावित सभी 102 गांवों के लोगों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि निर्वाचित प्रतिनिधि राहत कार्यों में तेजी लाने के लिए पिछले 15 दिनों से लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चौबीस घंटे चलने वाले नियंत्रण कक्ष, बाढ़ चौकियां और राहत शिविर स्थापित किए गए हैं जबकि जिन परिवारों के घर बाढ़ में डूब गए हैं, उनके लिए भोजन और आवास की व्यवस्था की गई है।
सीएम योगी ने प्रभावित लोगों को बांटे 50 किलोग्राम की पैकेट
उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को वितरित की जा रही राहत किट का वजन लगभग 50 किलोग्राम है और इसमें लगभग 50 वस्तुएं हैं, जिनमें 10-10 किलोग्राम चावल, आटा और आलू, दो किलोग्राम अरहर दाल के अलावा चना, मुरमुरे, तेल, मसाले, एक बाल्टी, रेनकोट और डिग्निटी किट शामिल हैं। आदित्यनाथ ने कहा, पिछले 15 दिनों में, हमारे स्थानीय विधायकों ने जिला प्रशासन की मदद से यह सुनिश्चित किया है कि ये राहत सामग्री प्रभावित परिवारों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि शिक्षक राहत शिविरों और गांवों में बच्चों के लिए कक्षाएं संचालित कर रहे हैं जबकि स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किए गए हैं।
स्वास्थ्य सुविधाए अलर्ट पर
बाढ़ के दीर्घकालिक समाधान पर आदित्यनाथ ने कहा, एकमात्र स्थायी समाधान गंगा को खोदकर उसका प्रवाहीकरण और नदी से निकाली गई गाद का उपयोग तटबंधों को मजबूत करने में करना है। उन्होंने कहा, इससे नदी के प्रवाह को सुचारू करने, आसपास के गांवों को बाढ़ से बचाने, फसलों को बचाने और लोगों को राहत देने में मदद मिलेगी। आदित्यनाथ ने कहा कि बाढ़ के मौसम के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं को अलर्ट पर रखा गया है तथा सांप और बिच्छू के काटने के मामलों से निपटने के लिए अस्पतालों में जहर रोधी दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं।