दिल्ली में महिला पत्रकारों के उत्पीड़न के खिलाफ राष्ट्रपति को ज्ञापन

फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो)  दिल्ली में महिला पत्रकारों के साथ पुलिस द्वारा उत्पीड़न किए जाने के खिलाफ प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मीडिया एसोसिएशन ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को कलेक्ट्रेट में सौंपा। राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन लाल गौड़ एवं महामंत्री संजय शर्मा के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि दिल्ली के साकेतनगर क्षेत्र में दो महिला पत्रकार शाहीन खान एवं नफीसा खान के साथ पुलिस कर्मियों द्वारा कथित मारपीट एवं गंभीर मामले की ओर आकर्षित हुआ है। कार्यक्रम की कवरेज के दौरान दोनों महिला पत्रकारों को पुलिसकर्मी थाने में ले गए जहां उनके साथ कथित रूप से मारपीट की गई तथा धार्मिक पहचान को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की गई। यह घटना पत्रकारों की सुरक्षा एवं स्वतंत्र पत्रकारिता के अधिकार को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न करती है। अतः एसोसिएशन मांग करती है कि पूरे घटनाक्रम की स्वतंत्र व निष्पक्ष जांच कराकर पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कठोर कानूनी व विभागीय कार्यवाही की जाय।घटना स्थल एवं थाने के सी सी टी वी फुटेज सुरक्षित रखकर पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही का निर्देश महामहिम देने की कृपा करें। ज्ञापन देने वालों में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनिल प्रजापति,कोषाध्यक्ष दीपकतिवारी,कार्यकारिणी सदस्य विनय सक्सेना,जिला महामंत्री इरशाद अली,उपाध्यक्ष महेश वर्मा,आलोक सिंह,विजय कुमार वर्मा,शहीद हुसैन,वाहिद हुसैन सहित कई दर्जन पत्रकार मौजूद रहे।