शिक्षक दिवस पर पूर्व महानगर अध्यक्ष राजीव शाक्य ने उठाया शहर के बन्द सरकारी स्कूलों का मामला

‘‘तलैया मोहल्ला में चलाया जागरूकता अभियान, गरीब बच्चों की शिक्षा को लेकर जताई चिंता’’
फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो) शिक्षक दिवस के शुभ अवसर पर समाजवादी पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष राजीव शाक्य ने तलैया मोहल्ला में लोगों के बीच पहुंचकर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने शहर में बन्द पड़े सरकारी स्कूलों का मामला प्रमुखता से उठाते हुए गरीब बच्चों की शिक्षा को लेकर चिंता जताई।
राजीव शाक्य ने कहा कि सरकारी स्कूलों के बन्द होने से सबसे अधिक प्रभावित गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बच्चे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकार ने करीब 26 हजार प्राइमरी एवं जूनियर स्कूलों में ताला लगा दिया है, जिससे बड़ी संख्या में गरीब बच्चे शिक्षा से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग के बच्चों को बेहतर और सुलभ शिक्षा उपलब्ध कराना है। ऐसे में स्कूलों को बन्द करने के बजाय उनमें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाना चाहिए। राजीव शाक्य ने शिक्षक दिवस के अवसर पर लोगों से शिक्षा के महत्व को समझने और बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और देश के विकास की मजबूत नींव है। इस दौरान उन्होंने लोगों को सरकारी स्कूलों की स्थिति एवं बच्चों की शिक्षा से जुड़े मुद्दों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान मोहल्ले के कई लोगों सहित सपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।