सुरक्षा एवं पारदर्शिता के साथ एफ एल सी प्रक्रिया सम्पन्न कराने के दिए निर्देश
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर जिला निर्वाचन कार्यालय के ईवीएम/वीवीपैट एफएलसी हॉल का निरीक्षण कर विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत की गई तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि एफएलसी की पूरी प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराई जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि 17 सितम्बर 2026 से जनपद में ईवीएम एवं वीवीपैट की एफएलसी का कार्य प्रारम्भ होगा। उन्होंने एफएलसी हॉल की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने तथा प्रवेश एवं निकास व्यवस्था पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए। हॉल में मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, स्पाई पेन सहित अन्य प्रतिबंधित उपकरण ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए स्पष्ट सूचना-पोस्टर लगाने तथा बाहर उपकरण सुरक्षित जमा कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रवेश से पूर्व डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर से जांच की जाए तथा बिना वैध पहचान-पत्र के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश न दिया जाए। उन्होंने उप जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिए कि अनुसेवक एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, उस सूची का परीक्षण अच्छे से कर ले। कोई भी कर्मी बिना आई0डी0 के नहीं होना चाहिए। एफएलसी प्रक्रिया की वेबकास्टिंग एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही पर्याप्त अग्निशमन उपकरण एवं आवश्यक सुरक्षा बल की तैनाती के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि एफएलसी का कार्य भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के अधिकृत इंजीनियर्स द्वारा निर्धारित तकनीकी प्रोटोकॉल के अनुसार किया जाएगा। उन्होंने साफ-सफाई एवं सभी चिन्हित क्षेत्रों में आवश्यक पोस्टर लगाने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेन्द्र सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
