बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो) ।ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा द्वारा 14 सितंबर को गोरखपुर में आयोजित ‘जेन -Z महाजुटान’ कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबंध में कथित आपत्तिजनक एवं अमर्यादित टिप्पणी किए जाने के मामले में भाजपा कन्नौज के जिला मीडिया प्रभारी (प्रवक्ता) अभिषेक पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक, कन्नौज को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि गोरखपुर के गोकुल अतिथि भवन में आयोजित कार्यक्रम से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया एवं समाचार माध्यमों पर प्रसारित हो रहा है। पत्र में आरोप लगाया गया है कि कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के लिए कथित रूप से “गुंडा”, “दंगाई” और “लमफट” जैसे आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया।
अभिषेक पाण्डेय ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सरकार की नीतियों अथवा जनप्रतिनिधियों की आलोचना करने का अधिकार सभी को है, लेकिन सार्वजनिक मंचों से किसी संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति के प्रति अमर्यादित एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग उचित नहीं माना जा सकता।
अभिषेक पाण्डेय ने पुलिस प्रशासन से पूरे वीडियो एवं संबंधित तथ्यों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
उन्होंने यह भी मांग की कि यदि जांच में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो नेहा बोरा तथा कार्यक्रम के आयोजकों की भूमिका की जांच कर नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, ऐसे वक्तव्यों से सामाजिक सौहार्द एवं सार्वजनिक व्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभाव को भी जांच के दायरे में रखा जाए।
अभिषेक पाण्डेय ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और किसी भी व्यक्ति को सार्वजनिक जीवन में मर्यादा तथा कानून की सीमाओं का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से प्रकरण में जांच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
