लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है। 6 बार के मंत्री रहे प्रोफेसर रामाश्रय सिंह कुशवाहा एक बार फिर समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। 13 साल बाद उनकी घर वापसी हुई है। वह पहले सपा में रह चुके हैं। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के करीबी नेताओं में उनकी गिनती होती थी। 2013 में वह समाजवादी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे। समाजवादी पार्टी में शामिल होते ही उन्होंने यूपी चुनाव 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया।
रामाश्रय सिंह कुशवाहा ने लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में सदस्यता ग्रहण के बाद कहा कि आज भी ऐसा महसूस होता है कि नेताजी मुलायम सिंह यादव हमारे बीच मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को भी वही पद और सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां सम्मान होगा, वहीं कुछ मिलेगा। जहां सम्मान नहीं होगा, वहां कुछ नहीं मिलेगा, चाहे राजनीति, रिश्तेदारी या व्यवसाय हो। उन्होंने समर्थकों से अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने तक घर पर नहीं बैठने की शपथ दिलाई।
कौन हैं रामाश्रय कुशवाहा?
रामाश्रय कुशवाहा मूल रूप से कानपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक कैरियर की शुरुआत बहुजन समाज पार्टी से की थी। बसपा ने उन्हें 1996 के चुनाव में टिकट दिया। पहली बार वह सरसौल विधानसभा सीट पर जीत कर विधानसभा पहुंचे। हालांकि, इसके बाद वह समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। सपा ने उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव बनाया। उन्हें पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के करीबी नेताओं में गिना जाता था। रामाश्रय कुशवाहा को पिछड़ा वर्ग यानी ओबीसी समुदाय के कद्दावर नेताओं में गिना जाता हैं। प्रदेश की राजनीति में उनकी पहचान एक मजबूत और जमीन से जुड़े नेता की रही है। कानपुर के सरसौल विधानसभा क्षेत्र से विधायक और उत्तर प्रदेश सरकार में 6 बार मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। सपा में रहते हुए वे मुलायम सिंह यादव के साथ कई मौके पर पार्टी का पक्ष रखते नजर आए थे। रामाश्रय कुशवाहा बाद में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। 13 साल तक भारतीय जनता पार्टी में रहने के बाद उन्होंने दोबारा सपा में वापसी की है। सपा में वापसी के दौरान उन्होंने राजनीति में सम्मान मिलने की बात कही है। उनकी घर वापसी को प्रदेश के राजनीति में अहम बिंदू माना जा रहा है।
भाजपा को बड़ा झटका : 6 बार मंत्री रहे प्रोफेसर रामाश्रय सिंह कुशवाहा अब सपा में शामिल, मुलायम के थे खास
