कन्नौज: बिजली की आवाजाही से यूनियन बैंक पट्टी की हालत खराब

आला अफसरों को जरूरी नहीं लगती जनरेटर व्यवस्था

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)।  यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की पट्टी शाखा में जनरेटर का अनुबंध समाप्त होने के कारण बिजली कटौती के दौरान बैंक का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इससे रोजाना बैंक पहुंचने वाले ग्राहकों को लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ रही है और कई बार उन्हें बिना काम कराए ही वापस लौटना पड़ रहा है।

नकदी निकासी, जमा, पासबुक प्रिंटिंग, आधार सीडिंग, केवाईसी और अन्य बैंकिंग सेवाएं बाधित होने से ग्राहकों में असंतोष बढ़ रहा है।

शाखा प्रबंधक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बैंक में जनरेटर का अनुबंध 30 जून तक था। उच्च अधिकारियों ने यह मानते हुए अनुबंध समाप्त कर दिया कि अब लगभग हर जगह बिजली आपूर्ति सही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय शहरी या सुगम क्षेत्रों के लिए उपयुक्त हो सकता है, लेकिन पट्टी जैसे ग्रामीण क्षेत्र में स्थिति भिन्न है। यहां बिजली की कटौती बार-बार होती है।

एक बार बिजली जाने के बाद पूरे सिस्टम को दोबारा चालू होने में लगभग 30 मिनट का समय लग जाता है। इस अवधि में बैंक का कार्य पूरी तरह ठप हो जाता है।

बिजली आने के बाद भी सिस्टम, सर्वर और अन्य उपकरणों को सामान्य स्थिति में आने में समय लगता है, जिससे लेन-देन की प्रक्रिया बाधित होती है। बैंक में प्रतिदिन किसान, व्यापारी, छात्र, बुजुर्ग और पेंशनधारक बड़ी संख्या में विभिन्न कार्यों के लिए पहुंचते हैं।

शाखा प्रबंधक ने बताया कि उन्होंने इस समस्या की जानकारी अपने उच्च अधिकारियों को दी है लेकिन अब तक इस पर कोई संज्ञान नहीं लिया गया है। उनका कहना है कि यदि जल्द वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई तो बैंक की कार्यप्रणाली लगातार प्रभावित होती रहेगी और ग्राहकों की परेशानी बढ़ेगी।

कई बार ग्राहकों का समय और धैर्य दोनों जवाब दे जाते हैं जिससे कई ग्राहकों को बिना काम कराए ही वापस घर लौटना पड़ता है ।

ग्राहकों ने बैंक प्रबंधन से मांग की है कि बरसात के मौसम में बिजली की आवाजाही और अधिक बढ़ जाती है, ऐसे में जनरेटर की सुविधा न होने से समस्या गंभीर रूप ले रही है।