22 से 24 सितंबर तक चलेगा एसएन साध ट्रस्ट का दिव्यांग सहायता शिविर

‘‘महिलाओं के लिए 18 अक्टूबर को लगेगा स्वास्थ्य शिविर’’
फर्रूखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो) ।
  एसएन साध ट्रस्ट की ओर से जरूरतमंद दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तीन दिवसीय दिव्यांग सहायता शिविर का आयोजन 22 से 24 सितंबर तक किया जाएगा। शिविर में दिव्यांगजनों को जांच, परामर्श के साथ आवश्यकतानुसार कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। ट्रस्ट के ट्रस्टी राकेश साध ने बताया कि शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें अधिक आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करना है। शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सुबोध कुमार वर्मा तथा कान, नाक एवं गला रोग विशेषज्ञ डॉ. शिखर सक्सेना अपनी सेवाएं देंगे। शिविर 22, 23 एवं 24 सितंबर 2026 को सेवा केन्द्र, एनए केपी डिग्री कॉलेज के सामने, फर्रूखाबाद में सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा। जयपुर फुट के सहयोग से जरूरतमंदों को कृत्रिम पैर, कैलीपर, बैसाखी एवं कृत्रिम हाथ उपलब्ध कराए जाएंगे। कम सुनने वाले लोगों के लिए ऑडियोमीटर जांच के बाद कान की मशीन भी निःशुल्क प्रदान की जाएगी। ट्रस्ट ने जरूरतमंद दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे आधार कार्ड और दिव्यांग प्रमाण-पत्र की फोटो कॉपी साथ लेकर शिविर में पहुंचें और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं। महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर 18 अक्टूबर को शिविरइसी क्रम में एसएन साध ट्रस्ट की ओर से संचालित प्रिय नारी-स्वस्थ नारी, सशक्त नारी, समृद्ध समाज’ के अंतर्गत महिलाओं के लिए भी निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर 18 अक्टूबर, रविवार को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक सेवा केन्द्र, एनए केपी डिग्री कॉलेज के सामने, फर्रूखाबाद में लगेगा। ट्रस्ट की प्रिया साध, मधु साध एवं गुंजा जैन ने बताया कि महिलाएं परिवार और समाज के स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण आधार होती हैं। इसी उद्देश्य से शिविर में महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक करने के साथ विशेषज्ञों से परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। शिविर में महिलाओं की सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं, स्त्री रोग संबंधी जागरूकता, स्वास्थ्य जांच, एनीमिया एवं पोषण, मासिक धर्म तथा रजोनिवृत्ति से संबंधित विषयों पर जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा। महिलाएं स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्नों पर विशेषज्ञों से परामर्श भी ले सकेंगी।