कन्नौज: स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों की समीक्षा हुई 

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । आगरा खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रस्तावित मतदान केन्द्रों एवं मतदेय स्थलों को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक सम्पन्न हुई।

जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खण्ड स्नातक एवं आगरा खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अन्तर्गत जनपद कन्नौज में प्रस्तावित मतदान केन्द्रों एवं मतदेय स्थलों के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में समाजवादी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), अपना दल (एस) एवं इण्डियन नेशनल कांग्रेस के अधिकृत प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक के दौरान प्रस्तावित मतदान केन्द्रों एवं मतदेय स्थलों की व्यवस्था पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों के क्रम में प्रस्तावित स्थलों के संबंध में सहमति प्रदान की गई। जनपद कन्नौज में आगरा खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 08 मतदान केन्द्र एवं 12 मतदेय स्थल, जबकि आगरा खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 08 मतदान केन्द्र एवं 08 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आगरा खण्ड स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 06 जनवरी 2026 को किया जा चुका है। अंतिम प्रकाशन के उपरान्त भी पात्र मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित किए जाने एवं आवश्यक संशोधन के लिए सतत पुनरीक्षण की प्रक्रिया जारी है।

उन्होंने जनपद के ऐसे सभी पात्र स्नातक एवं शिक्षक नागरिकों, जिन्होंने अभी तक विधान परिषद की संबंधित निर्वाचक नामावली में अपना नाम पंजीकृत नहीं कराया है, से अपील की कि वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना नाम अवश्य पंजीकृत कराएं। इसके लिए पात्र व्यक्ति फॉर्म-18 अथवा फॉर्म-19 भरकर संबंधित तहसील में स्थापित मतदाता पंजीकरण केन्द्र अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय, कलेक्ट्रेट, कन्नौज में जमा कर सकते हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र स्नातक एवं शिक्षक मतदाताओं को पंजीकरण की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए निर्वाचक नामावली के सतत पुनरीक्षण की प्रक्रिया को प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित किया जाए, जिससे पात्र नागरिकों को निर्वाचक नामावली में अपना नाम दर्ज कराने का अवसर प्राप्त हो सके।

इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी  देवेन्द्र सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार सहित संबंधितगण उपस्थित रहे।