कन्नौज : अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाका, एक गंभीर रूप से घायल, कई मकान क्षतिग्रस्त

विस्फोट से 20 फीट दूर उड़ा टीनशेड, आसपास के घरों में आई दरारें

पहले भी 6 बार हो चुके हैं हादसे, प्रशासनिक जांच शुरू

छिबरामऊ :(आवाज न्यूज ब्यूरो) । कोतवाली छिबरामऊ क्षेत्र के बहबलपुर चौकी अंतर्गत मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि फैक्ट्री का टीनशेड करीब 20 फीट दूर जा गिरा और आसपास के मकान थर्रा उठे। हादसे में पटाखा बनाने का काम कर रहे बहबलपुर निवासी शिव कुमार चक्रवर्ती (55) पुत्र द्वारका गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद परिजन व स्थानीय लोग घायल शिव कुमार को तत्काल दिलू नगला स्थित सौ शैया अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया। घायल के परिवार में पत्नी फूलमती, दो बेटे और तीन बेटियां हैं। बताया जा रहा है कि यह पटाखा फैक्ट्री बांदा निवासी शिव कुमार सक्सेना पुत्र गिरधारी लाल की है, जो पिछले 20 वर्षों से बहबलपुर में रह रहे हैं।

धमाके की सूचना मिलते ही एसडीएम ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी, सीओ मयंक मिश्रा, कोतवाली प्रभारी कपिल दुबे, तहसीलदार अभिनव वर्मा और नायब तहसीलदार रामप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से पांच पेटी पटाखे जब्त कर कोतवाली भेजे हैं और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। जिला मुख्यालय पर सूचना पहुँचते ही जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और एसपी विनोद कुमार भी तत्काल घटना स्थल रवाना हो गए।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, इस स्थान पर पहले भी करीब छह बार धमाके हो चुके हैं। इसके बावजूद राजनीतिक रसूख और पैसे के बल पर अवैध पटाखा फैक्ट्री का संचालन बेखौफ जारी था। बार-बार हादसों के बाद भी ठोस कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। अधिकारियों ने फैक्ट्री के लाइसेंस, संचालन और सुरक्षा मानकों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।