सुप्रीम कोर्ट ने आप शासित पंजाब के 50 वार्ड में रद्द किए चुनाव

‘‘नामांकन के दौरान पेपर फाड़े गए, विपक्षी उम्मीदावरों को हिरासत में लिया, 6 हफ्तों के अंदर दोबारा चुनाव कराने का आदेश’’
नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो) ।
कांग्रेस, सीजेपी, आप समेत तमाम विपक्षी पार्टियां कथित वोट चोरी के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन कर रही हैं। इन सबके बीच सुप्रीम कोर्ट ने आप शासित पंजाब के 50 वार्डों के चुनाव रद्द कर दिए हैं। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त की गई कमेटी की जांच में सामने आया है कि निकाय चुनावों के नामांकन के दौरान व्यापक बाधा उत्पन्न की गई। इस दौरान नामांकन पेपर छीन कर फाड़े गए, उम्मीदवारों पर हमला हुआ, उन्हें हिरासत में लिया गया या धमकाया गया।
चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और वी मोहना ने इन 50 वार्डों में नए सिरे से चुनाव कराने का आदेश दिया है। ये वार्ड पटियाला (28) और मोगा (22) के हैं। बेंच ने आदेश में कहा- जांच आयोग ने 50 वार्ड में चुनावों को दोषपूर्ण पाया। उन्हें रद्द करने योग्य बताया। हम सिफारिशों को स्वीकार करते हैं। इन वार्डों में नए सिरे से चुनाव कराने और पूरी प्रक्रिया को 6 हफ्ते के भीतर पूरी करने का आदेश देते हैं।
रिटायर जज की देखरेख में होंगे चुनाव
बेंच ने इस फैक्ट पर भी ध्यान दिया कि पंजाब सरकार की ओर से पेश हुए वकील कपिल सिबल ने कहा है कि राज्य सरकार को कमीशन के सुझाव मानने में कोई समस्या नहीं है। कोर्ट ने इन जगहों पर स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चुनाव कराने के लिए पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस को रिटायर जज के नेतृत्व में कमेटी बनाने का भी निर्देश दिया।
क्या है मामला
दरअसल, पंजाब में निकाय चुनाव के बाद ये याचिका दाखिल की गई थी। याचिका में आरोप लगाया गया था कि सत्ताधारी आप के नेताओं, पुलिस अधिकारियों और अज्ञात तीसरे पक्ष के लोगों ने मारपीट, कपड़े फाड़ने और नामांकन पत्र छीनने समेत विभिन्न तरीकों से संभावित उम्मीदवारों को नामांकन पत्र जमा करने से रोका था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अदालत के निर्देशों के बावजूद नामांकन प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग नहीं की गई। सुप्रीम कोर्ट ने 24 मार्च 2025 को रिटायर जस्टिस निर्मलजीत कौर को जांच के लिए नियुक्त किया था और याचिका में जिन वार्डों को लेकर आरोप लगाए थे, वहां जांच कर रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा था।
विपक्ष ने आप को घेरा
सुप्रीम कोर्ट के ऑर्डर का स्वागत करते हुए पटियाला ग्रामीण सीट के कांग्रेस इंचार्ज मोहित मोहिंद्रा ने कहा- सुप्रीम कोर्ट का एतिहासिक कदम। पटियाला के लोगों को बधाई, सुप्रीम कोर्ट ने यहां के 28 वार्डों में दोबारा चुनाव का रास्ता खोल दिया। उन्होंने कहा- कांग्रेस हमेशा लोकतंत्र और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए खड़ी रहेगी। वहीं, बीजेपी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश ने आप सरकार को बेनकाब कर दिया।