कन्नौज: विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से पढ़ी संविधान की प्रस्तावना

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) ।  संविधान के मूल सिद्धांतों मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को कैप्टन बी. पी. एस. पब्लिक स्कूल तिर्वा में संविधान संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत ‘एक स्वर, एक संविधान विषय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नरेन्द्र कुमार झा के दिशा-निर्देशन पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पौमेला श्रीवास्तवा के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में सचिव ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे आदर्शों का महत्व समझाते हुए विद्यार्थियों से जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने के साथ-साथ संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करने के लिए भी प्रेरित किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन रहा। इसमें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव, विद्यालय के प्रबंधक, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने एक स्वर में संविधान की प्रस्तावना पढ़कर संवैध गानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर विद्यालय के  प्रधानाचार्य एवं समस्त शिक्षकगण तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पराविधिक स्वयंसेवक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता, समानता, बंधुता और संविधान के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।