फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य के तहत जनपद में 17 और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर होने वाले इस अभियान में पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के साथ ही नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन करा सकेंगे।जिला प्रशासन के अनुसार, दोनों विशेष अभियान दिवसों पर जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक उपस्थित रहेंगे। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए पात्र नागरिकों को निर्धारित प्रपत्र-6 भरकर आवेदन करना होगा। इसके अलावा सूची में दर्ज नाम और अन्य विवरणों में सुधार के लिए संबंधित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन किया जा सकेगा। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज होने की पुष्टि करें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल नहीं है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकता है। आवेदन के साथ नवीनतम फोटो, जन्मतिथि और निवास से संबंधित आवश्यक अभिलेखों की स्वप्रमाणित छायाप्रति उपलब्ध करानी होगी। परिवार के किसी सदस्य के मतदाता पहचान पत्र की संख्या भी आवश्यकतानुसार बीएलओ को दी जा सकती है। अभियान को सफल बनाने के लिए शहरी क्षेत्रों में सभासदों और ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम प्रधानों सहित अन्य जनप्रतिनिधियों से भी सहयोग की अपेक्षा की गई है। जनप्रतिनिधि पात्र नागरिकों को जागरूक करने और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करेंगे।विशेष अभियान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी और संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मतदान केंद्रों पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण करेंगे। प्रशासन का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है।
प्रशासन ने की अपील
जिला प्रशासन ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से 17 अक्टूबर (शनिवार) और 24 अक्टूबर (शनिवार) को अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर बीएलओ से संपर्क करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची में नाम दर्ज होना जरूरी है। इसलिए पात्र नागरिक अभियान का लाभ उठाकर अपना नाम सूची में दर्ज कराएं।
17 और 24 अक्टूबर को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का विशेष अभियान
