राष्ट्रवादी ब्रह्मसभा की बैठक : समाज की एकता और संगठन की मजबूती पर विचार-विमर्श

फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । राष्ट्रवादी ब्रह्मसभा के बैनर तले रिलायंस पेट्रोल पंप के निकट स्थित एक विद्यालय में बैठक का आयोजन किया गया। इसमें शहर के अलावा कायमगंज, शमशाबाद और मोहम्मदाबाद सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों ब्राह्मण समाज के लोगों ने भाग लिया। बैठक में भगवान परशुराम की पूजा-अर्चना के साथ समाज की एकता और संगठन की मजबूती पर विचार-विमर्श किया गया। संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश पाठक ने ब्राह्मण समाज की एकता पर जोर देते हुए कहा कि ब्राह्मण सदैव समाज के कल्याण और श्रेष्ठ कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। देश की आजादी से लेकर विभिन्न क्षेत्रों में नए आविष्कारों तक ब्राह्मण समाज का योगदान महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने समाज के त्याग और योगदान को याद करते हुए एकजुट रहने का आह्वान किया।संगठन के संरक्षक विजय शुक्ला ने कहा कि ब्राह्मण सदैव समाज की रक्षा और कल्याण के लिए आगे रहा है। ब्राह्मण शास्त्र और शस्त्र दोनों का ज्ञान रखता है। वह अपने ज्ञान से समाज को दिशा देता है और आवश्यकता पड़ने पर देश की रक्षा में भी योगदान करता है।बैठक का संचालन करते हुए अभिषेक दुबे ने उपस्थित लोगों का एक-दूसरे से परिचय कराया। उन्होंने कहा कि आपसी परिचय और संवाद से ही समाज में एकता मजबूत हो सकती है। जब तक लोग एक-दूसरे को जानेंगे नहीं, तब तक संगठन को मजबूत बनाना कठिन होगा।
बैठक में डॉ. मिथिलेश पाठक,प्रमोद दीक्षित,विजय शुक्ला, भइयन मिश्रा, अभिषेक दुबे, देवेश नारायण अवस्थी, बृजेश मिश्रा, पवन मिश्रा, सौरभ दुबे, अनुज दुबे, आकाश तिवारी, नितिन दुबे, डॉ. राजीव शुक्ला और एडवोकेट आशुतोष मिश्रा सहित बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज की एकता और संगठन को मजबूत बनाने पर बल दिया।