एमएलसी चुनाव के लिए मतदान कार्मिकों को दिया गया प्रशिक्षण

फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो) । विधान परिषद के आगरा-खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव को लेकर बुधवार को विकास भवन सभागार, फतेहगढ़ में मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में हुए प्रशिक्षण में मतदान प्रक्रिया और कार्मिकों के दायित्वों की जानकारी दी गई।
डीएम ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी मतदान कार्मिक निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी से कार्य करें। उन्होंने मतदाताओं की पहचान सत्यापित करने, मतपत्रों के रखरखाव व वितरण, मतदान की गोपनीयता बनाए रखने और मतदान समाप्ति के बाद निर्वाचन सामग्री जमा कराने की प्रक्रिया का सावधानीपूर्वक पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान सभी प्रत्याशियों और मतदाताओं के साथ समान व्यवहार किया जाए। किसी भी प्रकार की समस्या या शंका होने पर संबंधित अधिकारियों से तत्काल संपर्क कर समाधान प्राप्त करें। डीएम ने अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी तैयारियां समय से पूरी करने और मतदान कार्मिकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।