बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । भारत की जनगणना–2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) की तैयारियों के अंतर्गत जनपद कन्नौज में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम विभिन्न चार्जों में प्रारंभ हो गया है। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना से संबंधित प्रक्रियाओं, दायित्वों एवं आवश्यक तैयारियों के प्रति प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को जागरूक करना तथा जनगणना कार्य को सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान करना है।
दिनांक 21 अक्टूबर, 2026 को नगर पालिका परिषद कन्नौज में 2 बैच, तहसील तिर्वा में 7 बैच, नगर पंचायत समधन में 1 बैच तथा नगर पंचायत तिर्वागंज में 1 बैच सहित कुल 11 प्रशिक्षण बैचों का शुभारंभ हुआ।
इसी क्रम में दिनांक 22 अक्टूबर को तहसील कन्नौज में 5 बैच तथा तहसील छिबरामऊ में 8 बैच सहित कुल 13 प्रशिक्षण बैचों का प्रशिक्षण प्रारंभ हुआ। इस प्रकार जनपद में दो दिनों के भीतर कुल 24 प्रशिक्षण बैचों का शुभारंभ किया जा चुका है।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनर्स द्वारा जनगणना–2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों, जनगणना से संबंधित प्रक्रियाओं, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के दायित्वों तथा गणना कार्य के विभिन्न तकनीकी पहलुओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की जा रही है।
प्रशिक्षण में विशेष रूप से पीई ट्रेनिंग ऐप के संचालन, गणना ब्लॉक से संबंधित जानकारी, निर्धारित प्रश्नावली में सूचनाओं की प्रविष्टि, परिवार एवं व्यक्तियों से संबंधित विवरणों के संकलन तथा डिजिटल माध्यम से जनगणना कार्य संपादित करने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया जा रहा है। साथ ही प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को गणना कार्य के दौरान डेटा की शुद्धता, पूर्णता एवं गोपनीयता बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि जनगणना देश की जनसंख्या, सामाजिक संरचना एवं विकास संबंधी योजनाओं के निर्माण हेतु आवश्यक आँकड़े उपलब्ध कराने वाला एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। जनगणना से प्राप्त जानकारी भविष्य की नीतियों एवं विकास योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
जनगणना–2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिसके माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके उपरांत 1 दिसंबर से 4 जनवरी, 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा।
जनपद में सभी संबंधित प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से प्रशिक्षण कार्यक्रम चरणबद्ध रूप से संचालित किए जा रहे हैं, ताकि जनगणना कार्य को प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न किया जा सके।
