एसआईआर अभियान तेज, जिलाधिकारी ने बूथों का किया निरीक्षण

फर्रूखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत मतदाता सूची के शुद्धिकरण और सत्यापन कार्य को गति देने के उद्देश्य से बुधबार को जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने ब्लॉक संसाधन केंद्र कमालगंज पहुंचकर विशेष अभियान का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ स्तर पर चल रहे नाम जोड़ने, संशोधन, हटाने और सत्यापन से जुड़े सभी कार्यों की गहराई से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और सभी प्रविष्टियों का पूर्ण रूप से भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और शुद्धता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाए। डीएम ने यह भी कहा कि विशेष अभियान के तहत घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी एकत्रित की जाए, वृद्ध और दिव्यांग मतदाताओं को विशेष सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा सभी आवश्यक प्रपत्रों को समय पर पोर्टल पर अपलोड किया जाए। उन्होंने बूथ पर उपलब्ध रजिस्टर, फार्म और दस्तावेजों का बारीकी से परीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर भी मौजूद रहे। उन्होंने मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित रखने को लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए अनिवार्य बताया। इसके साथ ही अपर उपजिलाधिकारी सदर भी निरीक्षण दल में शामिल रहे और उन्होंने अधिकारियों को अभियान को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।