बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के क्रम में जनपद में मतदेय स्थलों के संभाजन एवं पुनर्गठन की प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित एवं जनसुविधा के अनुरूप संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में जनप्रतिनिधियों एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आलेख्य प्रकाशित सूची पर प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों के निस्तारण तथा मतदेय स्थलों की सूची को अंतिम रूप देने के संबंध में विधानसभा क्षेत्रवार एवं बूथवार विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। संबंधित प्रस्तावों में भवन जर्जर अथवा ध्वस्त होने के कारण मतदेय स्थलों को वैकल्पिक भवनों में स्थानांतरित करने पर चर्चा की गई।
प्रस्ताव के अनुसार, विधानसभा क्षेत्र 196-छिबरामऊ में 6, 197-तिर्वा में 4 तथा 198-कन्नौज में 2, कुल 12 मतदेय स्थलों के भवन परिवर्तन का विवरण प्रस्तुत किया गया। इनमें अकबरपुर के तीन मतदेय स्थलों को राष्ट्रीय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, नेपालपुर के मतदेय स्थल को उच्च प्राथमिक विद्यालय नेपालपुर तथा समधन के दो मतदेय स्थलों को राजकीय इंटर कॉलेज में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव शामिल है। अन्य स्थलों पर भी उपलब्ध निकटवर्ती वैकल्पिक भवनों में व्यवस्था प्रस्तावित की गई है।
जिलाधिकारी ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, सुगमता एवं मतदाताओं की सुविधा सुनिश्चित करने के दृष्टिगत प्राप्त सुझावों पर नियमानुसार विचार करते हुए आवश्यक कार्यवाही करने पर बल दिया।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, समाजवादी पार्टी के निर्वाचन प्रभारी/जिला प्रवक्ता शकील अहमद सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, उप जिलाधिकारी तिर्वा सुश्री वैशाली तथा सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
