कन्नौज: डीएम एसपी ने थाना तालग्राम में थाना समाधान दिवस पर सुनीं फरियादियों की समस्याएं

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने आज थाना तालग्राम में आयोजित थाना समाधान दिवस के अवसर पर फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। 

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि थाना समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका समयबद्ध निस्तारण किया जाए। राजस्व एवं पुलिस विभाग से संबंधित मामलों में आपसी समन्वय स्थापित कर आवश्यकतानुसार संयुक्त रूप से मौके पर जाकर प्रकरणों की जांच की जाए तथा वास्तविक तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायती प्रार्थना-पत्रों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का नियमानुसार समाधान किया जाए। प्रत्येक प्रकरण में शिकायत की प्रकृति एवं तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ितों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों एवं थानों के चक्कर न लगाने पड़ें।