कन्नौज: विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा 

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विधानसभा क्षेत्रवार मतदाता पंजीकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी कार्यों में तेजी लाने तथा पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान पाया गया कि विधानसभा क्षेत्र छिबरामऊ के 96 बूथों पर फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के पंजीकरण की स्थिति शून्य है। वहीं, विधानसभा क्षेत्र तिर्वा के 54 बूथ ऐसे पाए गए।  विधानसभा क्षेत्र कन्नौज में भी दो बूथों पर बीएलओ की कार्यप्रणाली शून्य पाई गई। पाया गया कि 17 से 25 अक्टूबर तक बीएलओ द्वारा कोई कार्य नहीं किया गया।

 इस पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से प्रगति की जानकारी लेते हुए कम प्रगति वाले बूथों पर विशेष ध्यान देने और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। विधानसभा क्षेत्र कन्नौज में शून्य प्रगति वाले बूथों की संख्या कम पाए जाने पर उन्होंने संबंधित उप जिलाधिकारी की सराहना भी की।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) प्रतिदिन स्वयं अपनी आईडी खोलकर निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बीएलओ की रिक्तियां को ध्यान में रखते हुए अर्थात जिन बीएलओ की 31 मार्च 2027 में सेवानिवृत्त हो रहे है। ऐसे बीएलओ के स्थानों पर दूसरे बीएलओ को नामित कर दिया जाए, जिससे मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य किसी भी स्थिति में प्रभावित न हो।

उन्होंने युवा एवं महिला मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराया जाए। साथ ही महिला मतदाताओं सहित सभी पात्र नागरिकों के पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि बीएलओ से प्राप्त होने वाले फॉर्मों की फीडिंग अनिवार्य रूप से उसी दिन की जाए। विभिन्न राजनीतिक दलों से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। सभी संबंधित अधिकारी बूथवार प्रगति की नियमित निगरानी करें और जहां भी कार्य में शिथिलता पाई जाए, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई करें।

उन्होंने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के अंतर्गत विशेष अभियान की तिथियां 21 नवंबर, 22 नवंबर, 28 नवंबर एवं 29 नवंबर 2026 निर्धारित की गई हैं। इन तिथियों पर संबंधित बूथों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए पात्र नागरिकों के पंजीकरण, नाम संशोधन तथा मतदाता सूची से संबंधित अन्य निर्धारित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के कार्य को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा में पूरा करें। मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं समावेशी बनाने के लिए सभी स्तरों पर प्रभावी समन्वय और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास, ज्वॉइन मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी तिर्वा सुश्री वैशाली सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।