कन्नौज: मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ कार्रवाई के लिए भाजपा ने दिया राष्ट्रपति को ज्ञापन 

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । भारतीय जनता पार्टी, जिला कन्नौज के जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया के नेतृत्व में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  के प्रति कथित रूप से की गई अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में जिलाधिकारी कन्नौज के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि सोशल मीडिया एवं समाचार माध्यमों पर प्रसारित संबंधित बयान और वीडियो की प्रमाणिकता की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में कथित बयान की पुष्टि होती है और किसी कानून का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित प्रावधानों के अंतर्गत नियमानुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री का पद देश के लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक व्यवस्था और जनादेश का प्रतिनिधित्व करता है। राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा, शालीनता और पारस्परिक सम्मान बनाए रखना आवश्यक है। राजनीतिक विमर्श में व्यक्तिगत एवं पारिवारिक टिप्पणियों से बचना चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक संवाद की गरिमा बनी रहे।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि प्रकरण को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित सक्षम प्राधिकारी एवं निर्वाचन आयोग के समक्ष भेजा जाए। साथ ही, यदि जांच में किसी कानून अथवा वैधानिक प्रावधान का उल्लंघन प्रमाणित होता है, तो नियमानुसार जवाबदेही तय की जाए। कांग्रेस के संगठनात्मक स्तर पर भी इस मामले को विचारार्थ भेजने का अनुरोध किया गया।

भाजपा जिला अध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने कहा कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं, सार्वजनिक जीवन में शालीनता तथा संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान की रक्षा के लिए निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई आवश्यक है।

इस अवसर पर अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश मंत्री रामवीर कठेरिया, रामसेवक कठेरिया, महिपाल कन्नौजिया, प्राची गुप्ता, हरिवक्स सिंह, जीतू तिवारी, राजेश दिवाकर, कुलदीप दोहरे, संजीव गुप्ता, राजीव ठाकुर, शैलेन्द्र दुबे, रामू राजपूत, जिमी वाल्मीकि, शिवेंद्र कुमार, अवधेश राठौर, अभिमन्यु सिंह, जिला मीडिया प्रभारी अभिषेक पाण्डेय समेत सम्मानित कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।