कन्नौज : डीएम ने किया पर्यटन और सूचना कार्यालय परिसर का निरीक्षण

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला पर्यटन अधिकारी कार्यालय एवं जिला सूचना अधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यालयों की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, स्वच्छता व्यवस्था तथा उपलब्ध संसाधनों का गहन अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालयों में पत्रावलियों, अभिलेखों एवं कंप्यूटर सहित अन्य कार्यालयीय व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जिला सूचना कार्यालय में अभिलेखों एवं पुस्तकों के सुव्यवस्थित रख-रखाव की सराहना करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यालय में रखे खाली गत्ते एवं अन्य अनावश्यक सामग्री को तत्काल हटाकर कार्यालय को पूर्णतः व्यवस्थित एवं स्वच्छ बनाया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यालय का वातावरण साफ-सुथरा, व्यवस्थित एवं कार्यकुशलता को बढ़ाने वाला होना चाहिए। उन्होंने शासन से प्राप्त एलईडी टीवी को शीघ्र क्रियाशील कर उसका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने जिला सूचना कार्यालय के समीप स्थित खाली भूमि का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल साफ-सफाई कराकर परिसर को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सरकारी कार्यालय स्वच्छता, अनुशासन एवं सुव्यवस्थित कार्यसंस्कृति का उदाहरण होना चाहिए। कार्यालय परिसर की नियमित सफाई एवं अनावश्यक वस्तुओं के निष्पादन पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे आमजन को भी सकारात्मक संदेश प्राप्त हो।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) देवेन्द्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।